Vaibhav Suryavanshi Captaincy: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी सौंपी गई है। जानिए क्यों उनके इस फैसले पर सवाल उठ रहे हैं और इतनी कम उम्र में कप्तानी की जिम्मेदारी कितनी बड़ी चुनौती है।

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से बहुत कम समय में क्रिकेट की दुनिया में खास पहचान बना ली है। महज 15 साल की उम्र में वह बड़े-बड़े गेंदबाजों के सामने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आते हैं। लेकिन अब उनके खेल के साथ एक नई जिम्मेदारी भी जुड़ गई है। बिहार क्रिकेट संघ (BCA) ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार टीम की कप्तानी सौंप दी है। हालांकि, कप्तान के रूप में उनका पहला मुकाबला अच्छा नहीं रहा और बिहार को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस फैसले के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या इतनी कम उम्र में वैभव को कप्तानी की जिम्मेदारी देना सही है?

बल्लेबाजी पर ध्यान देने की जरूरत, कप्तानी का दबाव क्यों?

वैभव अभी अपने क्रिकेट करियर के शुरुआती दौर में हैं। इस उम्र में उनके लिए सबसे जरूरी है कि वह अपनी बल्लेबाजी को और बेहतर बनाएं और ज्यादा से ज्यादा मैच खेलकर अनुभव हासिल करें। कप्तानी मिलने के बाद उन्हें सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के खेल पर भी ध्यान देना होगा। टीम के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ तालमेल बैठाना, सही समय पर गेंदबाजों में बदलाव करना और मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसले लेना आसान नहीं होता। खासकर तब, जब कप्तान की उम्र टीम के कई खिलाड़ियों से काफी कम हो। बिहार की टीम भी इस बार एलीट ग्रुप में खेल रही है और उसे कई मजबूत टीमों का सामना करना है। ऐसे में लगातार हार का दबाव वैभव के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। इसका असर उनकी बल्लेबाजी और आत्मविश्वास पर भी पड़ने की आशंका है।

और पढे़ं- Vaibhav Sooryavanshi: आंखों में आंसू, सिर पर टीम इंडिया की कैप..देखिए डेब्यू करते ही रो पड़े वैभव

सिर्फ दो मैचों के लिए कप्तान बनाए गए वैभव

इस फैसले पर एक और सवाल उठता है। वैभव केवल दो मुकाबलों में बिहार की कप्तानी करेंगे। इसके बाद उन्हें 19 से 29 नवंबर तक दोहा में होने वाले राइजिंग एशिया कप के लिए भारतीय ए टीम के साथ रवाना होना है। ऐसे में वैभव के जाने के बाद बिहार क्रिकेट संघ को बाकी मुकाबलों के लिए किसी दूसरे खिलाड़ी को कप्तान बनाना होगा। सवाल यह है कि जब वैभव पूरे टूर्नामेंट में टीम की अगुआई नहीं कर पाएंगे, तो उन्हें कप्तानी सौंपने की इतनी जल्दबाजी क्यों की गई?

सचिन तेंदुलकर भी खेल पर ध्यान देने की सलाह दे चुके हैं

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी वैभव को इतनी कम उम्र में नेतृत्व की जिम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि अभी वैभव को अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ज्यादा मुकाबले खेलकर अनुभव हासिल करना चाहिए। वैभव ने आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई है। वह दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन के उपकप्तान भी रह चुके हैं। हालांकि, उपकप्तानी करना और पूरी टीम का नेतृत्व करना दोनों अलग-अलग चुनौतियां हैं। क्रिकेट दिग्गजों का भी मानना है कि वैभव में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उनके करियर के इस पड़ाव पर सबसे जरूरी है कि उन्हें बिना एक्स्ट्रा दबाव के खेलने और सीखने का मौका मिले। कप्तानी की जिम्मेदारी उनके लिए आगे बढ़ने का अवसर बन सकती है, लेकिन जल्दबाजी में लिया गया फैसला उनके स्वाभाविक आक्रामक खेल को प्रभावित भी कर सकता है।