Glenn Maxwell Retirement News: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने टी20 इंटरनेशनल समेत लिस्ट-ए और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। जानिए उनका करियर रिकॉर्ड, संन्यास की वजह...
Glenn Maxwell T20I Retirement: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वो वनडे क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। 38 वर्षीय मैक्सवेल ने अब टी20 इंटरनेशनल के साथ-साथ लिस्ट-ए और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि, वह बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेलना जारी रखेंगे।
Glenn Maxwell T20I Records: ऐसा रहा टी20 इंटरनेशनल करियर
ग्लेन मैक्सवेल का टी20 इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 130 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिसमें उनके बल्ले से 2,897 रन निकले। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154 से अधिक रहा। मैक्सवेल ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में पांच शतक भी लगाए। खास बात यह है कि टी20 इंटरनेशनल में पांच शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड वह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ शेयर करते हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच का रुख बदलने की क्षमता के लिए मशहूर मैक्सवेल ने कई मौकों पर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला।
ग्लेन मैक्सवेल क्यों लिया संन्यास का फैसला?
मैक्सवेल ने अपने संन्यास को लेकर बताया कि उनके भविष्य पर ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट के साथ काफी समय से बातचीत चल रही थी। एक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले और उसके बाद भी इस विषय पर कई बार चर्चा हुई थी। टीम मैनेजमेंट की ओर से उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और भविष्य को लेकर फैसला लेने की पूरी आजादी थी। मैक्सवेल के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया की टीम अब भविष्य की तैयारी कर रही है और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौके दिए जा रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में भी कुछ नए खिलाड़ियों को मौका मिला, जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे में मैक्सवेल को लगा कि अब युवा खिलाड़ियों के लिए रास्ता बनाने और अपने करियर के अगले पड़ाव पर ध्यान देने का सही समय आ गया है।
और पढ़ें- IPL खेलकर फ्रेंचाइजियों से करोड़ों रुपए छाप चुके हैं ग्लेन मैक्सवेल
ओमान के खिलाफ खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच
ग्लेन मैक्सवेल का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ओमान के खिलाफ रहा था। यह ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट में आखिरी ग्रुप मुकाबला था। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी। इसी मुकाबले के साथ मैक्सवेल के अंतरराष्ट्रीय करियर का भी अंत हो गया। अब क्रिकेट फैंस उन्हें ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय जर्सी में नहीं देख पाएंगे, लेकिन बिग बैश लीग में उनका तूफानी अंदाज देखने का मौका मिलता रहेगा।




