IND vs PAK: एशिया कप राइजिंग स्टार्स में तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद इंडिया A पाकिस्तान से 48 रन से हारी। पूर्व क्रिकेटर ने 2 चीजों को बताया हार की सबसे बड़ी वजह।
IND vs PAK Asia Cup Rising Star: दोहा में रविवार को खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में भारत A को पाकिस्तान A के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत के कप्तान तिलक वर्मा ने 149 गेंदों में 100 रनों की पारी तो खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच के बाद तिलक ने कहा कि अगर उन्हें दूसरे छोर से अंत तक थोड़ा और साथ मिला होता, तो मुकाबले का नतीजा कुछ और हो सकता था। वहीं, भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने तिलक की धीमी शुरुआत को टीम की हार की एक बड़ी वजह बताया।
तिलक वर्मा की धीमी बल्लेबाजी पर संजय बांगर ने उठाए सवाल
- 313 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया A की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तिलक वर्मा ने शुरुआती 26 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाए। 36 गेंद खेलने के बाद उनके खाते में 8 रन थे, जबकि 52 गेंदों पर वह केवल 22 रन बना पाए थे।
- संजय बांगर ने तिलक की इस धीमी बल्लेबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका असर दूसरे छोर पर खेलने वाले बल्लेबाज पर भी पड़ता है।
- उनके मुताबिक, जब कोई बल्लेबाज 50 गेंद खेलने के बाद भी 18-21 रन तक पहुंचता है, तो दूसरे बल्लेबाज पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ जाता है।
- ऐसे में वह जोखिम उठाने के लिए मजबूर हो सकता है और विकेट गिरने की संभावना बढ़ जाती है।
- बांगर ने कहा कि तिलक को भरोसा रहा होगा कि वह बाद में अपनी धीमी शुरुआत की भरपाई कर लेंगे, लेकिन इस दौरान दूसरे बल्लेबाजों पर पड़ने वाले दबाव को भी समझना जरूरी था।
हसन नवाज को पूरे 10 ओवर देना भारत की गलती
- संजय बांगर ने भारतीय टीम की रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान के गेंदबाज हसन नवाज को पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने का मौका नहीं देना चाहिए था।
- बांगर के मुताबिक, टर्न लेने वाली पिच पर भारत को दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल करना चाहिए था।
- इससे स्ट्राइक बदलना आसान होता और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाया जा सकता था।
अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बाद लड़खड़ाई टीम
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों में 70 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। हालांकि, उनके आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम बिखर गया। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी खाता भी नहीं खोल सके। कुमार कुशाग्र ने 2, रिंकू सिंह ने 6 और सूर्यांश शेडगे ने भी 6 रन बनाए। एक समय भारत का स्कोर 129/5 हो गया था।
शाहबाज अहमद के साथ तिलक ने की 112 रनों की साझेदारी
- मुश्किल में फंसी टीम को तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने संभाला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़े।
- शाहबाज ने अर्धशतकीय पारी खेलकर कप्तान का अच्छा साथ दिया। हालांकि, 43वें ओवर में शाहबाज के आउट होते ही भारत की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं।
- इसके बाद विपराज निगम और हर्षित राणा बिना खाता खोले आउट हो गए। तिलक ने 147 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
- उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल था। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण उनकी मेहनत बेकार चली गई।
- इंडिया A की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने दिलाई 48 रनों से जीत
पाकिस्तान A की ओर से अली रजा और हसन नवाज ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए। अली रजा ने 56 रन दिए, जबकि हसन नवाज ने 45 रन देकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया। मोहम्मद इमरान ने भी 69 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। नेपाल के खिलाफ जीत के साथ टूर्नामेंट शुरू करने वाली इंडिया A को दूसरे मुकाबले में हार मिली। तिलक का शतक और शाहबाज के साथ उनकी साझेदारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
















