टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 254 रन का बड़ा लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड ने तेज शुरुआत की, लेकिन अक्षर पटेल की शानदार फील्डिंग और अहम विकेटों ने भारत को मैच में वापसी दिलाई।

Ind vs Eng T20 Semi Final: भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 254 रन का टारगेट दिया है। इस स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 14 ओवर में 5 विकेट खोकर 172 रन बना लिए हैं। एक समय मैच भारत की पहुंच से दूर होता दिख रहा था, लेकिन तभी अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने मिलकर विल जैक्स का कैच लपक उन्हें पैवेलियन भेजा। अर्शदीप के 14वें ओवर की आखिरी वाइड यॉर्कर को विल जैक्स ने हवा में उछाल दिया। गेंद बाउंड्री लाइन के पास पहुंची, जहां अक्षर पटेल ने उसे लपक लिया। हालांकि, वे बाउंड्री लाइन के बेहद करीब थे। ऐसे में उन्होंने खुद को बैलेंस करते हुए गेंद को वहीं खड़े शिवम दुबे की तरफ उछाल दिया। इस तरह दोनों की सूझबूझ से विल जैक्स आउट हुए ओर टीम इंडिया को एक बड़ा ब्रेक-थ्रू मिला।

अक्षर पटेल का एक और शानदार कैच

इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक को आउट कर भारत को विकेट दिलाया। ब्रूक 7 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह की गेंद पर ब्रूक ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बैकवर्ड पॉइंट की ओर चली गई। वहां फील्डिंग कर रहे अक्षर पटेल ने पीछे की ओर करीब 24 मीटर दौड़ते हुए शानदार कैच लपका। इस तरह अक्षर पटेल की शानदार फील्डिंग की बदौलत भारत को दो अहम विकेट मिले।

Axar Patel Wicket: टॉम बैंटन को किया बोल्ड

भारतीय गेंदबाज अक्षर पटेल ने इंग्लैंड को अहम झटका दिया। उन्होंने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर टॉम बैंटन को बोल्ड कर दिया। बैंटन 17 रन बनाकर आउट हुए। इस विकेट से भारत को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन इंग्लैंड की रन गति तेज बनी हुई है।

Varun Chakravarthy vs Jos Buttler: टी-20 में छठी बार किया आउट

पावरप्ले के दौरान वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को बोल्ड कर दिया। बटलर 25 रन बनाकर आउट हुए। खास बात यह है कि वरुण चक्रवर्ती ने टी-20 क्रिकेट में बटलर को छठी बार आउट किया है। यह आंकड़ा उनकी बॉलिंग के सामने बटलर की परेशानी को दिखाता है।