ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत को साउथ अफ्रीका से 76 रन से हार मिली। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 111 रन पर सिमट गई। बुमराह के 3 विकेट बेकार गए। अब सेमीफाइनल के लिए भारत को अगले दोनों मैच जीतने होंगे।

Ind vs South Africa Match Analysis: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रन के बड़े अंतर से हराया। इस हार के बाद जहां तमाम भारतीय फैंस निराश हैं, वहीं कप्तान सूर्य कुमार यादव ने भी हार का गुस्सा निकाला। बता दें कि इस हार के बाद जहां भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह पहले से ज्यादा कठिन हो गई है, वहीं भारत के लिए अगले दोनों मैच ‘करो या मरो’ जैसे रहेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

किस पर निकला सूर्यकुमार यादव का गुस्सा

साउथ अफ्रीका से मैच हारने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी नाराज दिखे। डगआउट में उन्होंने सपोर्ट स्टाफ के साथ लंबी बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने अपने बल्लेबाजों को भी खूब सुनाई। बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में हेड कोच गौतम गंभीर की अगुवाई में बनाई गई स्ट्रैटेजी काम नहीं आई। मैच के बाद सूर्या ने इस बारे में गंभीर से बात करते हुए भी नाराजगी जाहिर की।

धीमी पिच पर ढेर, टीम इंडिया के शेर

इससे पहले लीग स्टेज के लगातार चार मैचों में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन जैसे ही धीमी और काली मिट्टी वाली पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा हुई, वो एक बार फिर फेल हो गए। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 18.5 ओवर में महज 111 रन पर ऑलआउट हो गई। शिवम दुबे को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल पाया।

रनचेज में लगातार गिरते रहे विकेट

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने गेंदबाजी में बदलाव कर फॉर्म में चल रहे ईशान किशन (0 रन) को आउट कराया। तिलक वर्मा (1 रन) गलत शॉट खेलकर आउट हुए और डीआरएस भी बेकार गया। अभिषेक शर्मा (15 रन) लय में नहीं दिखे और मार्को जानसेन की धीमी गेंद पर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18 रन) भी संघर्ष करते रहे। हार्दिक पंड्या (18 रन) और शिवम दुबे (42 रन) ने 35 रन की साझेदारी की, लेकिन वे टीम को जीत की ओर नहीं ले जा सके।

बुमराह की शानदार गेंदबाजी बेकार गई

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 3 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को 187/7 के स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। शुरुआती ओवरों में 2 विकेट लेकर उन्होंने अफ्रीकी टीम को 20/3 की मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया था। लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।

मिलर, ब्रेविस और स्टब्स की दमदार पारियां

साउथ अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्हें युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (44* रन) का शानदार साथ मिला। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को इस मैच में खास सफलता नहीं मिली और उन्होंने 4 ओवर में 47 रन खर्च कर दिए।

सेमीफाइनल की राह मुश्किल

इस हार के बाद भारत के लिए 26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले बेहद अहम हो गए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों मैच जीतना जरूरी होगा। यह हार 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद भारत की पहली बड़ी पराजय मानी जा रही है। अब देखना होगा कि टीम इस झटके से कैसे उबरती है।