IND vs NZ T20 World Cup 2026 Yesterday Match Result: भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में कल का मैच कौन जीता, मैच का पूरा रिजल्ट, अहम लम्हे और हाइलाइट्स यहां जानें।
IND vs NZ T20 World Cup 2026 Final Result: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई।
बुमराह 'मैन ऑफ द मैच', संजू सैमसन 'प्लेयर ऑफ द सीरिज'
फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया के धाकड़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के 4 अहम खिलाड़ियों को पैवेलियन भेजा। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत बुमराह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं सीरिज में लगातार 3 हाफ सेंचुरी बनाने के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरिज का अवॉर्ड मिला। उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार फिफ्टी लगाई।
T20 World Cup History: भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम किया है। भारतीय टीम अब इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गया है। इतना ही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी मेजबान देश ने ट्रॉफी अपने नाम की है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर खिताब जीतने से चूक गई।
New Zealand Batting: शुरुआती झटकों से बिखरी कीवी टीम
न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत फिन एलन और टिम सीफर्ट ने की। मैच के पहले ही ओवर में शिवम दुबे ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर फिन एलन का आसान कैच छोड़ दिया। उस समय एलन का खाता भी नहीं खुला था। हालांकि, तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने एलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन भेज दिया। रविंद्र केवल 1 रन ही बना सके। पांचवें ओवर में अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को बोल्ड कर दिया। उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 47 रन था।
टिम सीफर्ट की तेज फिफ्टी लेकिन टीम को नहीं बचा सके
एक ओर विकेट गिरते रहे, लेकिन टिम सीफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने केवल 23 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़ दिया। आठवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को आउट कर न्यूजीलैंड को एक और झटका दिया। इसके बाद नौवें ओवर में वरुण ने टिम सीफर्ट का विकेट ले लिया। ईशान किशन ने उनका शानदार कैच पकड़ा। सीफर्ट ने 52 रन की पारी खेली।
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
इसके बाद न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को आउट किया। 16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने जिमी नीशम को बोल्ड किया और इसी ओवर में मैट हेनरी को भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद 18वें ओवर में बुमराह ने मिचेल सैंटनर को बोल्ड कर दिया। आखिरकार न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके।
India Batting: सैमसन, अभिषेक और ईशान की शानदार पारियां
भारतीय टीम ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा। भारत की पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने की। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और बीच-बीच में आक्रामक शॉट भी लगाए।
Powerplay में भारत की धमाकेदार बल्लेबाजी
चौथे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन गेंदबाजी करने आए और इस ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने 24 रन बटोर लिए। इसके साथ ही भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए केवल 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 92 रन हो चुका था। हालांकि आठवें ओवर में भारत को पहला झटका लगा, जब अभिषेक शर्मा रचिन रविंद्र की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 21 गेंदों में 52 रन बनाए।
सैमसन और ईशान ने संभाली पारी
आठवें ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इसके बाद 11वें ओवर में संजू सैमसन ने केवल 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी थी। 15वें ओवर तक भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया। इसी ओवर में ईशान किशन ने भी 23 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़ दिया।
आखिरी ओवरों में भारत की तेज बल्लेबाजी
16वें ओवर में भारत को बड़ा झटका लगा जब संजू सैमसन 46 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हो गए। इसी ओवर में ईशान किशन भी आउट हो गए। उन्होंने 54 रन बनाए। इसी ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए। जिमी नीशम ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर भारत को झटका दिया। उस समय भारत का स्कोर 16 ओवर में 204 रन था। इसके बाद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या आउट हो गए, तब भारत का स्कोर 226 रन था। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने जिमी नीशम के ओवर में 24 रन बना दिए। दुबे ने केवल 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेली। आखिरी पांच ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 52 रन बनाए और टीम का स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया।


