टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब जीता। जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का पिच की मिट्टी को माथे से लगाने वाला भावुक पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सैमसन और बुमराह ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
Surya Kumar Yadav Emotional Celebration: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। यह मुकाबला रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर ही सिमट गई।
जीत के बाद सूर्यकुमार यादव का भावुक पल
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक भावुक पल कैमरे में कैद हो गया। फाइनल मुकाबले में जीत के बाद जब टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर जश्न मना रहे थे, उसी दौरान सूर्यकुमार यादव ने पिच की मिट्टी को हाथ से छुआ। इसके बाद उन्होंने उस मिट्टी को अपने माथे से लगा लिया। उनका यह इमोशनल अंदाज मैदान और खेल के प्रति सम्मान को दिखाता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सूर्यकुमार यादव का यह पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई क्रिकेट फैंस ने इसे खेल के मैदान के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बताया। मैदान की मिट्टी को नमन करते हुए सूर्यकुमार का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया और इसके लिए उनकी खूब तारीफ भी हुई।
टीम इंडिया का शानदार जश्न
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद मैदान पर जश्न का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ी खुशी से झूमते नजर आए। कुछ खिलाड़ी तिरंगे के साथ फोटो खिंचवा रहे थे, तो कुछ अपने साथियों के साथ मैदान का चक्कर लगाते हुए जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान सूर्यकुमार यादव का भावुक अंदाज सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।
सैमसन और बुमराह ने निभाई अहम भूमिका
इस मुकाबले में टीम इंडिया की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अहम भूमिका रही। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। बुमराह को इस शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के चलते संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला।
भारत ने रचा नया इतिहास
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। इसके अलावा भारत टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपने घरेलू मैदान पर यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है।


