PAK vs ENG Video: लाहौर में पाकिस्तान-इंग्लैंड के मैच में हारिस रऊफ और विल जैक्स के बीच लड़ाई हो गई। रऊफ बल्ला लेकर उनकी ओर तेजी से बढ़े। जानें फिर क्या हुआ।

Haris Rauf Fight Video Viral: क्रिकेट को 'जेंटलमैन गेम' कहा जाता है, लेकिन कई बार मैदान पर खिलाड़ियों के बीच ऐसा बवाल हो जाता है, जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह जाते हैं। पाकिस्तानी खिलाड़ियों का विवादों से पुराना नाता रहा है, जो एक बार फिर लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में देखने को मिला, जहां पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे वनडे मैच में गुंडागर्दी और अभद्रता देखने को मिली। पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ (Haris Rauf) लाइव मैच में अपना आपा खो बैठे और इंग्लैंड के खिलाड़ी विल जैक्स को मारने के लिए उन पर बल्ला तान दिया। अगर समय रहते अंपायर और जो रूट बीच-बचाव करने नहीं आते, तो बड़ा बवाल हो सकता था।

पाकिस्तान-इंग्लैंड मैच के 46वें ओवर में हाई-वोल्टेज ड्रामा

ये पूरा बवाल मैच की दूसरी पारी के 46वें ओवर में हुआ। उस वक्त पाकिस्तान के उप-कप्तान शादाब खान 99 रन पर बैटिंग कर रहे थे। इंग्लैंड के बॉलर सैम करन ने उन्हें एक खतरनाक बाउंसर फेंकी। गेंद काफी ऊपर थी, इसलिए शादाब ने अंपायर की तरफ देखकर वाइड बॉल की मांग की, लेकिन अंपायर ने मना कर दिया। इधर शादाब और अंपायर की बात चल रही थी और उधर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े हारिस रऊफ इंग्लैंड के फील्डर विल जैक्स से भिड़ गए। दोनों के बीच अचानक तीखी बहस शुरू हो गई।

विल जैक्स से लड़ने पहुंचे हारिस रऊफ

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हारिस रऊफ भड़क गए। वो गुस्से में अपना बल्ला उठाकर विल जैक्स की तरफ जाने लगे। तभी इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट भागकर वहां पहुंचे। अंपायर ने भी तुरंत फुर्ती दिखाई और दोनों खिलाड़ियों को एक-दूसरे से दूर किया। हैरानी की बात तो ये है कि मैच खत्म होने के बाद भी इन दोनों खिलाड़ियों को बाउंड्री लाइन के पास फिर से लड़ते हुए देखा गया।

हारिस रऊफ का वायरल वीडियो

Scroll to load tweet…

Scroll to load tweet…

हारा हुआ मैच जीता पाकिस्तान

लड़ाई-झगड़े से हटकर अगर मैच की बात करें, तो इस मुकाबले में पाकिस्तान ने एक असंभव सी जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 242 रनों का टारगेट दिया था। एक वक्त पर पाकिस्तान ने सिर्फ 154 रन के स्कोर पर अपने 9 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड यह मैच आसानी से जीत लेगा। लेकिन इसके बाद शादाब खान और हारिस रऊफ ने मिलकर अंग्रेज टीम के मुंह से जीत छीन ली। शादाब ने शानदार नाबाद 113 रन बनाए, वहीं रऊफ ने 19 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाकर उनका पूरा साथ दिया। दोनों ने आखिरी (10वें) विकेट के लिए रिकॉर्ड 89 रनों की पार्टनरशिप की और पाकिस्तान को 1 विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।