Sachin Tendulkar vs Virat Kohli: विराट कोहली न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में इतिहास रचने के करीब हैं। बस 1 शतक लगाते ही कोहली सचिन तेंदुलकर का सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

Virat Kohli Record: विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं, फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहती है। इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में उनके पास सिर्फ रन बनाने का ही नहीं, बल्कि क्रिकेट की दुनिया में एक नया इतिहास लिखने का मौका भी होगा। कोहली एक शतक लगाते ही 'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर का एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिसके करीब आज तक कोई नहीं पहुंच पाया है।

सचिन तेंदुलकर का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ने वाले हैं कोहली?

विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के नाम फिलहाल लिस्ट-ए क्रिकेट में 60-60 शतक हैं। दोनों खिलाड़ी इस सूची में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर का 60वां शतक बांग्लादेश के खिलाफ अपने आखिरी वनडे से ठीक पहले लगाया था। अब विराट कोहली को दुनिया का इकलौता नंबर-1 बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 100 रनों की दरकार है। शतक लगाते ही वो 61 सेंचुरी के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देंगे। सचिन और विराट के अलावा दुनिया का कोई भी बल्लेबाज लिस्ट-ए क्रिकेट में 50 शतक तक भी नहीं पहुंच पाया है।

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के आंकड़ों में कितना फासला?

विराट कोहली ने सिर्फ 351 मैचों की 340 पारियों में 60 शतक और 88 फिफ्टी जड़ दी हैं। इनका औसत 57.98 का है और इन्होंने कुल 16,759 रन बनाए हैं। वहीं, मास्टर ब्लास्टर ने 551 मैचों की 538 पारियों में अपने 60 शतक पूरे किए थे। इसके अलावा उन्होंने 114 फिफ्टी लगाई थी। दिसंबर 2012 में इस फॉर्मेट से रिटायर होने से पहले सचिन ने 45.54 की औसत से कुल 21,999 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा इस लिस्ट में कहां हैं?

इस एलीट लिस्ट में टॉप-5 में भारतीयों का ही जलवा है। विराट और सचिन के बाद तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है। जिन्होंने 364 मैचों की 352 पारियों में 39 शतक (14,517 रन, 47.28 की औसत) बनाए हैं। चौथे नंबर पर 31 शतक के साथ सौरव गांगुली और पांचवें नंबर पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने 30 शतक जड़े हैं।

कोहली ने शुरू कर दी है तैयारी

न्यूजीलैंड दौरे के लिए विराट कोहली ने अभी से पसीना बहाना शुरू कर दिया है। हाल ही में उन्हें मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस करते हुए देखा गया। वह 5 मैचों की पूरी वनडे सीरीज का हिस्सा हैं और जल्द ही टीम के साथ न्यूजीलैंड रवाना होंगे। बता दें कि 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद विराट ने टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। इसके बाद मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। अब वह सिर्फ वनडे क्रिकेट और आईपीएल में ही खेलते नजर आते हैं।