India vs Pakistan: टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान पर भारत की 61 रन की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और कई अन्य नेताओं और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने टीम इंडिया को बधाई दी।
Ind vs Pak Historic Win Reactions: पाकिस्तान के खिलाफ भारत की शानदार और ऐतिहासिक जीत से देशभर में जश्न का माहौल है। पॉलिटिशियंस से लेकर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज तक इस जश्न में शामिल हैं। गृहमंत्री अमित शाह से लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और अनुपम खेर-अजय देवगन तक ने अपने अंदाज में टीम इंडिया की तारीफ की है। रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। 61 रन की यह जीत टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई। मैच खत्म होते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। राजनीति से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक, हर तरफ टीम इंडिया की तारीफ हो रही है।
भारत-पाक मैच पर अमित शाह का रिएक्शन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फॉर्मेट बदल जाए, जगह बदल जाए, तारीख बदल जाए, लेकिन भारत-पाक मैच का नतीजा नहीं बदलता। उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी।
टीम इंडिया की जीत पर शिवराज सिंह चौहान ने क्या कहा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) इस जीत से गदगज नजर आए। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक जीत बताया। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia), आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने भी टीम को बधाई देते हुए ईशान किशन की पारी की जमकर तारीफ की।
योगी आदित्यनाथ से लेकर डीके शिवकुमार तक ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने इस जीत को महाशिवरात्रि के खास मौके से जोड़ते हुए देश के लिए गर्व का पल बताया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने कहा कि साल बदलते हैं, टूर्नामेंट बदलते हैं, लेकिन नतीजा वही रहता है। उन्होंने टीम से खिताब जीतने की उम्मीद जताई। वहीं, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) ने इस जीत को एक अरब दिलों का गर्व बताया और टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग की तारीफ की।
टीम इंडिया की जीत पर बॉलीवुड का रिएक्शन
अजय देवगन (Ajay Devgn)
अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि यह टीम जीत को इतना आसान बना देती है जैसे कोई बड़ी बात ही नहीं हो।
अनुपम खेर (Anupam Kher)
अनुपम खेर ने मैच खत्म होने से पहले ही एक वीडियो शेयर किया। जैसे ही जीत पक्की हुई, वे खुशी से झूमते नजर आए। महाशिवरात्रि के मौके पर उन्होंने 'हर हर महादेव' लिखकर टीम को बधाई दी। उनके पोस्ट में देशभक्ति और उत्सव दोनों साफ दिखे।
परेश रावल (Paresh Rawal)
परेश रावल ने अपने अंदाज में लिखा- 'WHAT RIVALRY!' उनका इशारा साफ था कि जिस मुकाबले को बड़ा टक्कर माना जा रहा था, वो पूरी तरह एकतरफा निकला।
विवेक ओबेरॉय (Vivek Oberoi)
विवेक ओबेरॉय ने ईशान किशन की 77 रन की पारी और शुरुआती विकेटों की खास तारीफ की। उन्होंने लिखा कि यह मौका भी पाकिस्तान के हाथ से निकल गया। साथ ही उन्होंने गेंदबाजों को भी क्रेडिट दिया और टीम इंडिया को और ताकत मिलने की शुभकामनाएं दीं।
आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana)
आयुष्मान खुराना ने लिखा कि टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा इंतजार वाला मैच ही सबसे ज्यादा एकतरफा निकला। उन्होंने 8-1 लिखकर भारत के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की ओर इशारा किया।
ममूटी (Mammootty)
मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने टीम इंडिया को जीत की बधाई देते हुए इसे देश के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने खास तौर पर वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर इस जीत की अहमियत को रेखांकित किया।
इसे भी पढ़ें-IND vs PAK 5 Shameful Records: ये 3 खिलाड़ी बने 'काल', पाकिस्तान के नाम जुड़ गए 5 शर्मनाक रिकॉर्ड्स
इसे भी पढ़ें- IND vs PAK: ईशान की आंधी, हार्दिक-बुमराह-अक्षर-वरुण की चौकड़ी, 10 PHOTO में पाकिस्तान पर भारत की जीत के खास लम्हे
