IND vs SA ODI: टीम इंडिया का सामना साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे मैचों में होने जा रहा है। पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में होगा। रोहित शर्मा इस मैच में धूम मचाने के लिए तैयार हैं। उनके पास 5 बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। 

India vs South Africa, 1st Odi: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है। पहला मुकाबला रांची में खेला जाएगा। रोहित शर्मा इस सीरीज में बल्ले से कहर बरपाने के लिए तैयार हैं। उनका पूरा ध्यान साल 2027 में होने वाले आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में जब वो मैदान पर आएंगे, तो उनके पास 5 दमदार रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। एमएस धोनी के शहर में हिटमैन का बल्ला चल गया, तो रिकॉर्डबुक में खलबली मच जाएगी। आइए उनके ऊपर नजर डालते हैं...

वनडे में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा के पास वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका रांची में होगा। फिलहाल वो विश्व के दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा छक्के मारे हैं, लेकिन नंबर वन की कुर्सी लेने से सिर्फ 3 छक्के दूर खड़े हैं। वो अब तक कुल 249 छक्के मार चुके हैं। वहीं, पहले नंबर पर शाहिद अफरीदी हैं, जिनके बल्ले से 251 छक्के निकले थे। अब 3 छक्के जड़ते ही रोहित नंबर वन बन जाएंगे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के

इसके अलावा रोहित शर्मा के पास साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड भी बनाने का मौका है। रांची में उनके बल्ले से 7 छक्के लगते हैं, तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में नंबर वन बन जाएंगे।

बतौर ओपनर 16 हजार इंटरनेशनल रन

बतौर ओपनर बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार रन बनाने से रोहित शर्मा केवल 213 रनों की दूरी पर खड़े हैं। रांची में वो ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सकते हैं, लेकिन सीरीज में ऐसा किए, तो वो विश्व क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक किसी ने भी ओपनिंग करते हुए 16,000 रन तीनों फॉर्मेट में नहीं बनाए हैं।

और पढ़ें- IND vs SA: साउथ अफ्रीका के सामने रोहित शर्मा की अग्निपरीक्षा, आंकड़े देख रह जाएंगे दंग

भारत में 5 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा भारत में वनडे में 5 हजार रन का आंकड़ा भी छूने के बेहद करीब हैं। रांची में 133 रन बना लेते हैं, तो वो ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। हालांकि, यह करना आसान काम नहीं होगा। उनके बल्ले से यदि रांची में 133 रन आते हैं, तो एक नया इतिहास लिखा जा सकता है।

बतौर भारतीय ओपनर सबसे ज्यादा शतक

अगर रोहित शर्मा ने अगले वनडे में 100 बना दिया, तो बतौर भारतीय ओपनर सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर और शिखर धवन भी ऐसा नहीं कर पाए हैं।

और पढ़ें- ODI में टूटेगा साउथ अफ्रीका के घमंड, ये 3 भारतीय लेंगे टेस्ट सीरीज हार का बदला