पहले तीन गेंद खेलने वाले सूर्यांश शेडगे सिर्फ 3 रन ही बना सके। आखिरी 3 गेंदों पर वैभव ने एक चौका और 2 रन तो लिए, लेकिन इंडिया A की टीम कुल 9 रन ही बना सकी और 7 रनों से मैच हार गई।

दांबुला: त्रि-सीरीज़ के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इंडिया A को श्रीलंका A के खिलाफ 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मैच इतना ड्रामाई था कि पहले दोनों टीमों ने 265-265 रन बनाकर मैच टाई कर दिया, जिसके बाद सुपर ओवर में श्रीलंका ने बाज़ी मार ली। हुआ ये कि पहले बैटिंग करते हुए इंडिया A की टीम 49.2 ओवर में 265 पर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका A भी 265 पर ही सिमट गई। इसके बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने अंपायरों से सुपर ओवर कराने की मांग की, जिसे मान लिया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 16 रन बनाए। 17 रनों के टारगेट का पीछा करने के लिए इंडिया A की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे उतरे।

पहली तीन गेंदों पर सूर्यांश शेडगे सिर्फ 3 रन बना पाए। आखिरी तीन गेंदों पर वैभव ने एक चौका और 2 रन दौड़े, लेकिन टीम 9 रन ही बना सकी। इस तरह टाई हुए मैच में इंडिया A ने 7 रनों से एक जीती हुई बाज़ी गंवा दी। इससे पहले मैच में अंपायर ने इंडिया A पर 10 रनों की पेनल्टी भी लगाई थी, क्योंकि विपराज निगम पिच के डेंजर एरिया में दो बार दौड़ गए थे। इस पेनल्टी ने भी भारत की हार में बड़ी भूमिका निभाई।

Scroll to load tweet…

इससे पहले 266 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने सदीरा समरविक्रमा की 93 रनों की शानदार पारी की बदौलत मैच टाई कराया। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे और गेंद अर्शद खान के हाथ में थी। दूसरी ही गेंद पर अर्शद ने समरविक्रमा को आउट कर भारत की उम्मीदें जगा दीं। आखिरी तीन गेंदों पर श्रीलंका को 2 रन चाहिए थे, लेकिन वे सिर्फ एक ही रन बना सके और मैच टाई हो गया। इसके तुरंत बाद तिलक वर्मा ने सुपर ओवर की मांग की।

सुपर ओवर में भी ड्रामा कम नहीं हुआ। सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज़ अविष्का फर्नांडो कैच आउट हो गए। भारतीय खिलाड़ी मैदान छोड़कर जाने लगे, लेकिन अंपायर ने फुलटॉस गेंद को नो-बॉल करार दिया और खिलाड़ियों को वापस आना पड़ा। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने खराब रोशनी का हवाला देते हुए बैटिंग करने में असमर्थता जताई, लेकिन अंपायर ने लाइट मीटर से जांच के बाद बैटिंग करने का आदेश दिया।

श्रीलंका के लिए समरविक्रमा (93) के अलावा निरोशन डिकवेला ने 37, वानुजा सहन ने 25 और अविष्का फर्नांडो ने 22 रन बनाए। भारत के लिए आयुष बदोनी ने 2 विकेट लिए।

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी इंडिया A की शुरुआत खराब रही थी। लेकिन मिडिल ऑर्डर में सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम की हाफ सेंचुरी की बदौलत टीम 49.2 ओवर में 265 तक पहुंच पाई। सूर्यांश शेडगे 66 गेंदों में 72 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। विपराज निगम ने 49 गेंदों में 51 रन बनाए। एक समय टीम 143 पर 7 विकेट खो चुकी थी, लेकिन आठवें विकेट के लिए विपराज और शेडगे ने शतकीय साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 37, कप्तान तिलक वर्मा ने 23 और वैभव सूर्यवंशी ने 21 रन बनाए। श्रीलंका A के लिए मोहम्मद शिराज और विजयकांत व्यासकांत ने 3-3 विकेट लिए।