IND vs NZ: न्यूजीलैंड दौरे के लिए Team India का ऐलान हो गया है। शुभमन गिल टेस्ट और पहले 3 वनडे में कप्तान होंगे, जबकि आखिरी 2 वनडे में श्रेयस अय्यर कमान संभालेंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी हुई है।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है और इस बार चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले हैं। शुभमन गिल को टेस्ट और वनडे सीरीज की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं वनडे सीरीज के आखिरी दो मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर संभालेंगे। खास बात यह है कि वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है। भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान टीम 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलेगी।

टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल के हाथ

टेस्ट सीरीज के लिए शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान होंगे। टीम में यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव जैसे नाम शामिल हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप को जगह मिली है। ऋषभ पंत का चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।

Scroll to load tweet…

पहले 3 वनडे में गिल, आखिरी 2 में अय्यर कप्तान

5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले तीन मुकाबलों में शुभमन गिल कप्तानी करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर अंतिम दो मैचों में टीम की कमान संभालेंगे। ईशान किशन इन दो मुकाबलों में उपकप्तान होंगे। वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी सबसे बड़ा आकर्षण है। केएल राहुल, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव भी टीम का हिस्सा हैं।

आखिरी दो वनडे में कई नए चेहरे

अंतिम दो वनडे के लिए टीम में तिलक वर्मा, औकिब नबी, कुमार कुशाग्र और यश ठाकुर को शामिल किया गया है। इस दौरान गिल और केएल राहुल को आराम दिया जाएगा। भारत का न्यूजीलैंड दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि एक ही टूर पर अलग-अलग फॉर्मेट में कप्तानी और टीम संयोजन के कई प्रयोग देखने को मिलेंगे। खासकर गिल, अय्यर और सीनियर खिलाड़ियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा इस दौरे को दिलचस्प बनाएगा।