युजवेंद्र चहल ने धनश्री वर्मा से तलाक के बाद के मुश्किल दौर पर पहली बार खुलकर बात की। आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में उन्होंने शराब की लत बढ़ने, पैनिक अटैक आने और 26 दिन रिहैब सेंटर में रहने का अनुभव शेयर किया।

Yuzvendra Chahal on Alcohol Addiction: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अपनी पर्सनल लाइफ के मुश्किल दौर, शराब की लत, तलाक और पैनिक अटैक को लेकर खुलकर बात की है। आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में चहल ने बताया कि धनश्री वर्मा से तलाक के बाद उनकी मेंटल कंडीशन बहुत खराब हो गई थी। यहां तक कि शराब पीने की लत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। बाद में उन्होंने इससे उबरने के लिए 26 दिन रिहैब सेंटर में बिताए।

पैनिक अटैक के दौरान टेढ़ा हो जाता था चेहरा

  • 36 साल के युजवेंद्र चहल ने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बताया कि एंग्जायटी और पैनिक अटैक के दौरान उन्हें कई तरह की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
  • उन्होंने कहा, “एंग्जायटी में दिल की धड़कन तेज हो जाती है और चेहरा सिकुड़ जाता था।” चहल ने आगे बताया, “मैं बोल भी नहीं पाता था। मेरा होंठ कसकर एक तरफ खिंच जाता था।”
  • चेहरे में होने वाले इस बदलाव को देखकर लोग समझ जाते थे कि उनके साथ कुछ गलत हो रहा है।
  • चहल को यह भी डर था कि अगर लोगों ने उन्हें इस हालत में देख लिया, तो सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होंगी।
  • ऐसे में उन्होंने खुद को संभालने और अपने खेल पर ध्यान देने का फैसला किया।

तलाक के बाद बिगड़ गई थी युजवेंद्र चहल की मेंटल कंडीशन

  • आकाश चोपड़ा ने चहल से पूछा कि उन्होंने शराब पीना कब और क्यों शुरू किया था। इस पर चहल ने बताया कि शुरुआत में वह युवा थे और उस समय पार्टियों में जाना आम बात थी। उन्होंने कहा कि साल 2011 में उन्होंने अपना पहला IPL खेला था।
  • चहल ने पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर एबी डिविलियर्स की एक सलाह का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, डिविलियर्स ने एक बार उनसे कहा था कि लाइफ में बैलेंस बनाए रखना जरूरी है।
  • चहल ने कहा कि यह बात सुनने में आसान लगती है, लेकिन इसे अपनी जिंदगी में अपनाना उतना आसान नहीं होता।
  • अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर के बारे में बात करते हुए चहल ने कहा, “तलाक के बाद चीजें हद से ज्यादा बढ़ गई थीं। मेरी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।”
  • उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें एहसास हुआ कि अगर वह इसी रास्ते पर चलते रहे, तो क्रिकेट को नुकसान पहुंचा सकते हैं। क्रिकेट ही वह चीज है, जिससे उन्हें सबसे ज्यादा प्यार है।
  • चहल ने कहा, “मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा, तो जिस चीज से मुझे सबसे ज्यादा प्यार है, उस क्रिकेट को बर्बाद कर दूंगा।”

शराब छोड़ने 26 दिन रिहैब सेंटर में रहे चहल

युजवेंद्र चहल ने बताया कि पिछले साल काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद उन्होंने शराब छोड़ने का फैसला किया। उन्हें महसूस हुआ कि शराब पीने की आदत अब हद से ज्यादा बढ़ चुकी है और इसे संभालना जरूरी है। चहल ने कहा, “पिछले साल काउंटी क्रिकेट के बाद मैंने शराब छोड़ने का फैसला किया। बात हद से ज्यादा बढ़ गई थी। मैंने रिहैब सेंटर में दाखिला लिया और 26 दिन वहां रहा। अब मुझे पता है कि इसे कैसे संभालना है।”

पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ में खरीदा, भरोसे पर खरे उतरना चाहते थे चहल

चहल ने बताया कि मुश्किल दौर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने अपने क्रिकेट करियर पर दोबारा ध्यान देना शुरू किया। पंजाब किंग्स के साथ अपने पहले सीजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था। चहल के मुताबिक, इतनी बड़ी रकम देकर टीम ने उन पर भरोसा जताया था। वह इस भरोसे को टूटने नहीं देना चाहते थे।

तीन साल से टीम इंडिया से बाहर हैं युजवेंद्र चहल

युजवेंद्र चहल पिछले करीब तीन साल से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने अपना पिछला टी-20 इंटरनेशनल मैच अगस्त 2023 में खेला था। चहल के हालिया खुलासे में उनके क्रिकेट करियर के साथ-साथ निजी जिंदगी में आई चुनौतियों की भी झलक मिलती है।