भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5वां टी20 मैच बारिश से प्रभावित हो सकता है। अभी यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। चोटिल अर्शदीप सिंह की जगह भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है।

बेंगलुरु: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ सकता है। शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस निर्णायक मैच में मौसम विलेन बन सकता है। शुक्रवार को भी शहर में भारी बारिश हुई थी, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया था।

एक्यूवेदर की रिपोर्ट बताती है कि शनिवार को बेंगलुरु में बारिश के 90 प्रतिशत चांस हैं। दोपहर के बाद बारिश का जोर बढ़ेगा। शाम 7 बजे जब मैच शुरू होना है, तब बारिश की 64 प्रतिशत संभावना है। देर रात तक बारिश जारी रहने का अनुमान है, जिससे फैंस की टेंशन बढ़ गई है।

फिलहाल यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। लखनऊ में हुए पहले मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद रांची में खेले गए दूसरे टी20 में विंडीज ने 250 रनों का पीछा करते हुए शानदार वापसी की। तीसरे मैच में इंदौर में भारत ने 223 रन डिफेंड करके जीत हासिल की। लेकिन हैदराबाद में हुए चौथे मुकाबले में 248 रनों का पीछा करते हुए टीम इंडिया 24 रन से हार गई।

इस सीरीज के हर मैच में 200 से ज्यादा रन बने हैं। ऐसे में चिन्नास्वामी स्टेडियम की छोटी बाउंड्रीज को देखते हुए फैंस एक और हाई-स्कोरिंग मैच का इंतजार कर रहे थे। लेकिन अगर बारिश होती है, तो सीरीज के विजेता का फैसला लटक सकता है। इस बीच, चोटिल तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

Scroll to load tweet…