India vs New Zealand 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के तीसरे टी20 मुकाबले में डैरेल मिचेल के तेज छक्के से बड़ा हादसा टल गया। बाउंड्री पर खड़ा सुरक्षा कर्मचारी बाल-बाल बचा। जानिए इस घटना के बारे में...
Daryl Mitchell six: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरेल मिचेल के एक तेज छक्के से बाउंड्री पर खड़ा एक सुरक्षा कर्मचारी बाल-बाल बच गया। अगर गेंद उसके सिर पर लग जाती, तो उसे गंभीर चोट लग सकती थी। इस घटना के बाद मिचेल भी काफी घबराए हुए नजर आए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
डैरेल मिचेल के छक्के से टला बड़ा हादसा
वेलिंगटन के मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड की ओर से डैरेल मिचेल और फिन एलेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों बल्लेबाज लगातार बड़े शॉट लगा रहे थे और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे। इसी दौरान पारी के छठे ओवर की पहली गेंद पर डैरेल मिचेल ने पुल शॉट खेला। उनका यह शॉट काफी तेज था और गेंद सीधे बाउंड्री की ओर चली गई। बाउंड्री के पास खड़ा एक सुरक्षा कर्मचारी उस समय दर्शकों की तरफ देख रहा था। ऐसे में गेंद उसके सिर के पिछले हिस्से पर लग सकती थी। गेंद इतनी तेजी से उसकी तरफ गई कि यह पल काफी खतरनाक हो सकता था। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि गेंद कर्मचारी को नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया। मिचेल को भी इस बात का एहसास हुआ कि उनका शॉट किसी को चोट पहुंचा सकता था। यही वजह थी कि शॉट खेलने के बाद वह घबराए हुए नजर आए और उन्होंने अपना चेहरा हाथों से ढक लिया। इस घटना ने मैदान पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
और पढे़ं- IND vs NZ Live Match: जियो, एयरटेल या Vi यूजर्स कैसे देख सकते हैं तीसरा टी20 फ्री में?
फिन एलेन और डैरेल मिचेल की शानदार पार्टनरशिप
मैच में फिन एलेन और डैरेल मिचेल ने न्यूजीलैंड के लिए शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 86 रन जोड़ दिए। उनकी इस तेज पार्टनरशिप ने न्यूजीलैंड की टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। डैरेल मिचेल ने 20 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि फिन एलेन ने 23 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे और भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे।
नमन धीर ने शानदार कैच लेकर तोड़ी पार्टनरशिप
फिन एलेन और डैरेल मिचेल की इस पार्टनरशिप को भारतीय गेंदबाज नीतीश कुमार रेड्डी ने तोड़ा। रेड्डी की गेंद पर फिन एलेन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद लॉन्ग ऑन की दिशा में चली गई। वहां मौजूद नमन धीर ने शानदार कैच पकड़कर एलेन की पारी समाप्त कर दी। इस मुकाबले में एक तरफ बल्लेबाजों के शानदार शॉट देखने को मिले, तो दूसरी तरफ मिचेल के छक्के ने सभी को चौंका दिया। गनीमत रही कि बाउंड्री पर खड़ा सुरक्षा कर्मचारी सुरक्षित रहा और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।





