IND vs PAK U19: अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया। अर्जुन राजपूत के शतक के बावजूद हमजा जहूर की टीम ने 48.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
IND vs PAK U19 Match Result: एशिया कप अंडर-19 में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हरा दिया है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का लक्ष्य रखा, जिसे पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में हासिल कर लिया। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत ने शानदार शतक लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनका यह शतक टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सका। पाकिस्तान की ओर से हमजा जहूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिर तक बल्लेबाजी की और अपनी टीम को जीत दिलाई। जहूर को शानदार शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हमजा जहूर ने लगाया शतक
- पाकिस्तान के हमजा जहूर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 108 गेंदों में 100 रन बनाए। इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल हैं।
- जहूर को हसनैन अब्बास का साथ मिला और दोनों ने मिडिल ऑर्डर में शानदार साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को सुरक्षित स्थिति में पहुंचा दिया।
- हसनैन ने 38 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान ने शुरुआत में ही अपने दोनों ओपनर्स को खो दिया था और फिर बीच के ओवरों में तीन ओवर के भीतर तीन और विकेट गंवा दिए थे।
- हालांकि, जहूर और हसनैन अब्बास डार ने 107 रनों की साझेदारी करके टीम को वापस खेल में ला खड़ा किया।
- हमजा जहूर जब बल्लेबाज़ी करने आए तब पाकिस्तान टीम का स्कोर 61/5 था। उनकी टीम बेहद मुश्किल हालात में थी और यहां से लक्ष्य 'नामुमकिन' लग रहा था।
- लेकिन हमजा ने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाते हुए पाकिस्तान की जीत पक्की कर दी।
भारतीय गेंदबाजों की सबसे बड़ी गलती क्या?
भारतीय गेंदबाजों ने स्टंप्स पर गेंदबाजी करने के बजाय ऑफ-स्टंप के बाहर की लाइन को पकड़ गेंदबाजी की, जिसका कोई फायदा नहीं मिला। इसके साथ ही भारतीय बॉलर्स ने छोटे टोटल के बावजूद 14 रन एक्स्ट्रा दिए। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही टीम इंडिया 46.3 ओवर में 208 रन पर ऑलआउट हो गई। अर्जुन राजपूत ने 107 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से अली रजा, निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह ने 3-3 विकेट लिए।
पाकिस्तान पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर पहुंचा
इस जीत के साथ पाकिस्तान अंडर-19 ग्रुप-A के पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गया है। टीम ने अब तक खेले दोनों मैच जीते हैं और उसके 4 अंक हैं। भारतीय टीम के 2 अंक हैं। ऐसे में अब भारत को UAE के खिलाफ 10 नवंबर को अपना अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।














