अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पटना पहुंचे ईशान किशन से जब कीर्ति आजाद के बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बेहद सधा हुआ और सटीक जवाब दिया। ईशान किशन का ये जवाब काफी चर्चा में है और खूब वायरल हो रहा है।

Ishan Kishan on Kirti Azad Statement: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन मंगलवार को पटना पहुंचे। अपने गृह राज्य पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट और शहर में फैंस ने उनका गर्मजोशी से वेलकम किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उनसे कई सवाल पूछे गए, जिनमें एक सवाल पूर्व क्रिकेटर और राजनेता कीर्ति आजाद के बयान से जुड़ा हुआ था। ईशान किशन ने इस सवाल का बेहद सधे अंदाज में जवाब दिया, जो काफी चर्चा में है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कीर्ति आजाद के बयान पर क्या बोले ईशान किशन

मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने ईशान किशन से पूछा कि वर्ल्ड कप ट्रॉफी को मंदिर ले जाने के फैसले पर कीर्ति आजाद की टिप्पणी को वह कैसे देखते हैं? इस पर ईशान किशन इस विवाद में पड़ने से बचते नजर आए। उन्होंने बहुत ही शांत और सधे हुए अंदाज में जवाब दिया और बातचीत का फोकस टीम इंडिया की जीत की ओर मोड़ दिया। ईशान किशन ने कहा, “मैं अभी इतना शानदार वर्ल्ड कप जीतकर आया हूं, आप अच्छे सवाल पूछिए। कीर्ति आजाद ने क्या कहा, इस पर मैं क्या बोलूं? आप पूछिए कि कैसा लग रहा है, कितना मजा आया।”

मंदिर में ट्रॉफी ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने वर्ल्ड कप जीत के बाद अहमदाबाद में एक हनुमान मंदिर में ट्रॉफी के साथ दर्शन किए। दरअसल, टीम इंडिया ने रविवार को फाइनल जीतने के बाद स्टेडियम के पास मौजूद हनुमान मंदिर तक पैदल जाकर दर्शन किए थे। खिलाड़ियों के मंदिर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।

कीर्ति आजाद ने उठाए थे सवाल

टीम इंडिया के इस कदम पर सवाल उठाते हुए टीएमसी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि वर्ल्ड कप की जीत पूरे देश की जीत है। यह 140 करोड़ भारतीयों का गर्व है, चाहे उनका धर्म कोई भी हो। अगर आप ट्रॉफी मंदिर ले जा रहे हैं, तो इसे चर्च, मस्जिद और गुरुद्वारे भी ले जाना चाहिए। उनका कहना था कि खेल पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। कीर्ति आजाद ने इस मामले में जय शाह और सूर्यकुमार यादव पर भी सवाल उठाए थे और इस कदम को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन ने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ओपनिंग करते हुए टीम को कई बार तेज शुरुआत दिलाई और मुश्किल परिस्थितियों में भी अहम पारियां खेलीं। टूर्नामेंट में उन्होंने 9 मैच में 35.22 के औसत से 317 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 193.29 का रहा। ईशान किशन ने टूर्नामेंट में 3 अर्धशतक लगाए।

पाकिस्तान के खिलाफ खेली यादगार पारी

टूर्नामेंट में उनकी सबसे यादगार पारियों में से एक पाकिस्तान के खिलाफ आई। कोलंबो में खेले गए मैच में ईशान किशन ने 77 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया था। वहीं, फाइनल मुकाबले में भी ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन बनाए। उनकी तेज पारी की वजह से भारत को बड़ा स्कोर बनाने में मदद मिली।