टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब जीता। जीत के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों का जश्न सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अर्शदीप सिंह और ईशान किशन की ‘एक बिहारी सबपे भारी’ वाली मजेदार रील खूब देखी जा रही है।
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत इस फॉर्मेट में तीसरी बार वर्ल्ड चैम्पियन बन गया। भारत ने 2007, 2024 और 2026 में ट्रॉफी जीती। भारत की जीत के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों के जश्न की फोटोज और वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो अर्शदीप सिंह और ईशान किशन का है।
'एक बिहारी सबपे भारी'
न्यूजीलैंड को हराने के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान अर्शदीप सिंह और ईशान किशन ने एक रील बना डाली। दरअसल, अर्शदीप ईशान से पूछते हैं- पाजी! एक बिहारी...इस पर ईशान किशन कहते हैं- सबपे भारी..। दोनों की ये मजेदार रील सोशल मीडिया पर खूब देखी जा रही है। बता दें कि ईशान किशन, जिन्हें पॉकेट साइज डाइनामाइट भी कहा जाता है, बिहार के ही रहनेवाले हैं।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने चुनी गेंदबाजी
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए और मैच में मजबूत स्थिति हासिल कर ली।
भारत के तीन बल्लेबाजों ने जड़ी शानदार फिफ्टी
टीम इंडिया की इस बड़ी पारी में तीन बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई। ओपनर संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बनाए। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 52 रन की पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने भी 54 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन तीनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।
शिवम दुबे की तूफानी फिनिशिंग
पारी के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को और मजबूत बना दिया। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोकते हुए भारतीय टीम को 255 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस तेज पारी ने न्यूजीलैंड के सामने मुश्किल लक्ष्य खड़ा कर दिया।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कीवी टीम ने महज 32 रन के स्कोर पर ही अपने दो अहम विकेट गंवा दिए, जिससे टीम दबाव में आ गई। इसके बाद न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने मुकाबला 96 रन से जीत लिया।
न्यूजीलैंड के लिए इन बल्लेबाजों ने किया संघर्ष
न्यूजीलैंड की ओर से ओपनर टिम साइफर्ट ने 52 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए। इसके अलावा डेरेल मिचेल ने 17 रन का योगदान दिया।इन तीन बल्लेबाजों को छोड़कर बाकी कीवी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए।
भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
भारत की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। वहीं हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को 1-1 विकेट मिला।


