Kuldeep Yadav county cricket: इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद कुलदीप यादव ने काउंटी क्रिकेट में शानदार वापसी की। यॉर्कशायर के लिए डेब्यू मैच में उन्होंने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
Kuldeep Yadav in Yorkshire cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव पिछले कुछ समय से प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर उन्हें भारतीय टीम के स्क्वाड में तो शामिल किया गया, लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसे लेकर हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना भी हुई। हालांकि, कुलदीप ने निराश होने के बजाय खुद को साबित करने का रास्ता चुना और इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट का रुख किया। वहां उन्होंने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
काउंटी क्रिकेट में चमके कुलदीप यादव
कुलदीप यादव ने वनडे कप में यॉर्कशायर की ओर से अपना डेब्यू किया। उनका पहला मुकाबला ग्लैमॉर्गन के खिलाफ था। डेब्यू मैच में कुलदीप ने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 39 रन खर्च किए और 2 विकेट अपने नाम किए। खास बात यह रही कि उन्होंने दोनों विकेट अपने आखिरी ओवर में लिए और दोनों बल्लेबाज सिर्फ तीन गेंदों के गेप में आउट हुए। कुलदीप की शानदार गेंदबाजी के दम पर ग्लैमॉर्गन की टीम 186 रन पर सिमट गई। हालांकि लक्ष्य छोटा था, फिर भी यॉर्कशायर को जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार टीम ने 2 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
सचिन-युवराज के खास क्लब में शामिल हुए कुलदीप
यॉर्कशायर की ओर से खेलना किसी भी विदेशी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इस क्लब के लिए भारत के कई दिग्गज क्रिकेटर खेल चुके हैं। इस सूची में सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, चेतेश्वर पुजारा और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। साल 2025 में ऋतुराज गायकवाड़ ने भी यॉर्कशायर से करार किया था, लेकिन पर्सनल कारणों से वह टीम से नहीं जुड़ सके। अब कुलदीप यादव भी यॉर्कशायर के लिए खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों की इस खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
और पढे़ं- IAS से ज्यादा पैसा कमाती हैं कुलदीप यादव की दुल्हन, इतनी है वंशिका की सैलरी?
क्यों नहीं मिल रही भारतीय टीम में जगह?
कुलदीप यादव को इंग्लैंड दौरे पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। टीम मैनेजमेंट ने युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण कुलदीप प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे। हालांकि, उनके हालिया प्रदर्शन के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगा है कि इतने अनुभवी और मैच जिताने वाले स्पिनर को लगातार नजरअंदाज करना क्या सही फैसला है। काउंटी क्रिकेट में शानदार शुरुआत कर कुलदीप यादव ने यह जरूर दिखा दिया है कि उनमें अभी भी मैच का रुख बदलने की पूरी क्षमता है। अब देखना होगा कि आने वाले इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलता है या नहीं।
कुलदीप यादव को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. कुलदीप यादव ने काउंटी क्रिकेट में किस टीम से डेब्यू किया?
कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के यॉर्कशायर क्लब की ओर से अपना काउंटी क्रिकेट डेब्यू किया।
2. डेब्यू मैच में कुलदीप यादव का प्रदर्शन कैसा रहा?
उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए और यॉर्कशायर की जीत में अहम भूमिका निभाई।
3. कुलदीप यादव को इंग्लैंड दौरे पर मौका क्यों नहीं मिला?
उन्हें भारतीय टीम के स्क्वाड में शामिल किया गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी।
