MS Dhoni IPL Career : पीली जर्सी और हजारों फैंस का शोर... धोनी जब चेन्नई सुपर किंग के लिए मैदान पर उतरते तो माही माही की गूंज पूरे स्टेडियम में सुनाई पड़ती थी। लेकिन अब वह आईपीएल नहीं खेलेंगे। साथ ही उनका एक सपना भी अधूरा रह गया, जिसका उन्होंने ऐलान भी किया, लेकिन पूरा नहीं हो सका। शायद यह कसक जीवन पर रहेगी।

स्पोर्ट डेस्क: महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में खिलाड़ी के तौर पर अपने 18 साल के सफर को अलविदा कह दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 17 नवंबर 2026 को उन्हें IPL 2027 के लिए टीम मेंटर बनाने का ऐलान किया। लेकिन इस विदाई के बीच धोनी की एक पुरानी ख्वाहिश चर्चा में आ गई है। उन्होंने कभी कहा था कि वह अपना आखिरी T20 मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेलना चाहते हैं। अब सवाल है कि क्या माही का यह सपना अधूरा रह गया?

2021 में धोनी ने किया था ऐलान

  • साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के IPL खिताब जीतने के बाद आयोजित कार्यक्रम में धोनी ने अपने भविष्य को लेकर बड़ी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने हमेशा अपने क्रिकेट करियर की योजना बनाई है। उनका आखिरी वनडे मैच रांची में हुआ था और उम्मीद है कि उनका आखिरी T20 मैच चेन्नई में होगा।
  • धोनी ने यह भी कहा था कि उन्हें नहीं पता कि ऐसा अगले साल होगा या पांच साल बाद। उस वक्त उनके इस बयान ने चेन्नई के फैंस को उम्मीद दी थी कि उन्हें अपने चहेते खिलाड़ी की विदाई चेपॉक के मैदान पर देखने को मिलेगी।

2026 में नहीं खेला एक भी मैच

  • धोनी ने IPL 2026 का पूरा सीजन चोट और फिटनेस से जुड़ी परेशानियों के कारण नहीं खेला। इसके बाद 17 नवंबर 2026 को CSK ने उनके खिलाड़ी के तौर पर IPL से संन्यास और मेंटर की नई भूमिका का ऐलान कर दिया।
  • इस तरह चेपॉक में आखिरी T20 मैच खेलने की उनकी पुरानी इच्छा खिलाड़ी के रूप में पूरी नहीं हो सकी। हालांकि धोनी का चेन्नई से रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। अब वह डगआउट से टीम को दिशा देंगे।

फैंस को अब भी है माही की विदाई का इंतजार

धोनी ने चेन्नई को पांच IPL खिताब दिलाए और टीम को दुनिया की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में शामिल किया। उनके लिए चेपॉक सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं, बल्कि फैंस के प्यार और यादों से जुड़ी जगह है। अब माही खिलाड़ी के रूप में नहीं उतरेंगे, लेकिन मेंटर बनकर उसी टीम के साथ रहेंगे। फैंस के लिए यह राहत की बात जरूर है, मगर चेपॉक पर आखिरी मैच खेलने की उनकी ख्वाहिश एक अधूरी कहानी बन गई है।