पाकिस्तानी क्रिकेटर आजम खान अपनी मौत की झूठी खबर का शिकार हुए। गुस्सा होने के बजाय, 28 वर्षीय खिलाड़ी ने दोस्तों के साथ हंसते हुए इसका मजाक उड़ाया। 14 टी20 मैच खेल चुके आजम का यह वीडियो वायरल है।

सोशल मीडिया आज के दौर में हमारी जिंदगी का बड़ा हिस्सा बन चुका है। दुनिया भर के लोग इसमें डूबे रहते हैं। लेकिन कई बार इसमें फैलने वाली झूठी खबरें बड़ा बवाल मचा देती हैं। ऐसा ही कुछ पाकिस्तान के एक स्टार क्रिकेटर के साथ हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर आजम खान अपनी ही मौत की झूठी खबर का शिकार हो गए। लेकिन इस फेक न्यूज को देखकर गुस्सा होने के बजाय आजम खान ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में रिएक्ट किया। उनका यह वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में 28 साल के आजम खान अपने दोस्तों के साथ बैठे हैं। वो अपनी मौत की खबर देखकर जोर-जोर से हंस रहे हैं। इसके बाद वो दोस्तों से मजाक करते हुए कहते हैं, 'अरे बेचारा, बहुत अच्छा खिलाड़ी था। कल ही तो उसे पाकिस्तान टीम के लिए खेलना था।'

अक्सर ऐसी खबरें उड़ने पर सेलेब्रिटीज घबरा जाते हैं या गुस्सा हो जाते हैं। वो तुरंत वीडियो बनाकर सफाई देते हैं कि 'मैं जिंदा हूं, घबराने की जरूरत नहीं है और झूठी खबर फैलाने वालों पर एक्शन लिया जाएगा।' लेकिन आजम खान ने ऐसा कुछ नहीं किया। अपनी मौत की खबर पर उनका ये हंसता-मुस्कुराता रिएक्शन लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

आजकल फेक न्यूज, तोड़-मरोड़ कर पेश की गई खबरें और AI से बनी झूठी चीजें लोगों तक आसानी से पहुंच रही हैं। ये पल भर में वायरल भी हो जाती हैं। आम लोगों को समझ ही नहीं आता कि किस पर भरोसा करें और किस पर नहीं। पाकिस्तान समेत दुनिया भर के कई बड़े सेलेब्रिटीज अक्सर ऐसी झूठी मौत की खबरों का शिकार होते रहते हैं। आजम खान के मामले में भी यही हुआ। सोशल मीडिया पर फेक न्यूज का आतंक इतना बढ़ गया है कि आम आदमी से लेकर बड़े सितारे तक इसके जाल में फंस रहे हैं।

आजम खान का क्रिकेट करियर

आजम खान ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच 6 जून 2024 को डलास में खेला था। यह मैच टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका (USA) के खिलाफ था। उन्होंने अब तक पाकिस्तान की नेशनल टीम के लिए 14 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें कुल 88 रन बनाए हैं। भले ही वो अभी इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर चल रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और लीग मैचों में वो लगातार खेल रहे हैं। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में आजम खान कराची किंग्स (Karachi Kings) टीम की तरफ से खेलते हैं।

View post on Instagram