पाकिस्तानी पूर्व गेंदबाज तनवीर अहमद ने भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने वैभव की उम्र 15 की जगह 22 साल बताई और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ शतक बनाने की चुनौती दी। अहमद ने वैभव को "ब्लाइंड स्लॉगर" भी कहा।

नई दिल्लीः पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ तनवीर अहमद ने भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक विवादित बयान दिया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। ऐसी खबरें हैं कि वैभव सूर्यवंशी जल्द ही आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ़ सीरीज़ से अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। इसी पर बात करते हुए तनवीर अहमद ने कहा, "IPL या एशिया की पिचों पर रन बनाना आसान है। असली परीक्षा तो इंग्लैंड की स्विंग और सीम वाली पिचों पर बल्लेबाज़ी करना है।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इसके बाद उन्होंने एक और विवादित बयान देते हुए कहा, “अगर वैभव इंग्लैंड के खिलाफ शतक बना लेता है, तो मैं लाहौर की सड़कों पर नंगा घूमूंगा।” इतना ही नहीं, तनवीर ने वैभव की उम्र पर भी शक जताया। उन्होंने कहा, "मुझे यकीन नहीं होता कि वह 15 साल का है। मेरे हिसाब से उसकी उम्र कम से कम 22 साल है। उसका हिप रोटेशन, ताकत और छक्के मारने की काबिलियत 15 साल के लड़के में नहीं दिखती।"

तनवीर ने वैभव की आलोचना करते हुए उन्हें "ब्लाइंड स्लॉगर" (अंधाधुंध बल्ला चलाने वाला) तक कह दिया। उन्होंने कहा कि वैभव छोटे मैदानों पर बस बल्ला घुमाकर रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट फैंस और पूर्व खिलाड़ियों ने तनवीर के इन बयानों का कड़ा विरोध किया है। सबका मानना है कि वैभव अपनी प्रतिभा से ही इन सभी आलोचनाओं का जवाब बल्ले से देंगे।

तनवीर अहमद का यह बयान अब सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस का मुद्दा बन गया है। कई क्रिकेट फैंस इसे बेवजह विवाद खड़ा करने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि वैभव इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन करके आलोचकों को करारा जवाब देंगे। महज 14 साल की उम्र में अपनी असाधारण बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींचने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहले से ही भारत का अगला सुपरस्टार माना जा रहा है। ऐसे में उनकी उम्र और काबिलियत पर सवाल उठाने वाले तनवीर के बयान ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।