पाकिस्तान में पेट्रोल संकट ने PSL 2026 को प्रभावित किया है। अब 8 टीमों का यह टूर्नामेंट सिर्फ लाहौर और कराची में होगा। PCB के फैसले के अनुसार, सभी मैच बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आगामी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का सीजन शुरू होने से पहले ही एक बड़े संकट में घिर गया है। यह सीजन 26 मार्च से शुरू होना है, लेकिन देश में चल रहे पेट्रोल संकट की वजह से आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट को सिर्फ लाहौर और कराची के दो वेन्यू तक सीमित कर दिया गया है। इस संकट ने देश भर में ट्रैवल प्लान और लॉजिस्टिक्स को बुरी तरह प्रभावित किया है।
PSL 2026 की शुरुआत गुरुवार को होनी है, जिसमें पहला मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला जाएगा। इस बार PSL को छह टीमों से बढ़ाकर आठ टीमों का कर दिया गया है। इसमें सियालकोट और हैदराबाद की नई फ्रेंचाइजी जोड़ी गई हैं, जिससे टूर्नामेंट का पैमाना और मुकाबला दोनों बढ़ गया है।
हालांकि, पेट्रोल संकट के बीच PSL के नए सीजन की तैयारियों पर पानी फिरता दिख रहा है। फैंस की मौजूदगी और मैच के दिन के अनुभव को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं, जिसके चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को कड़े कदम उठाने पड़े हैं। इसमें सबसे बड़ा फैसला मैचों को खाली स्टेडियम में कराने का है।
पाकिस्तान सुपर लीग पर तेल संकट की मार
वेस्ट एशिया में ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध ने दुनिया भर में तेल की सप्लाई को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसका सीधा असर पाकिस्तान पर पड़ा है, जहां पेट्रोल का संकट खड़ा हो गया है। इस संकट ने ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक्स को ठप कर दिया है, जिससे PSL 2026 के सुचारू संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और जवाबी हमलों के कारण हाल के हफ्तों में वेस्ट एशिया युद्ध तेज हो गया है। इससे दुनिया भर में तेल की सप्लाई में बड़ी रुकावट आई है और पाकिस्तान समेत कई क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। पाकिस्तान इस संकट से बुरी तरह प्रभावित हुआ है क्योंकि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयातित तेल पर निर्भर है।
PCB चीफ और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एक बयान में बताया कि बिना दर्शकों के मैच कराना एक मुश्किल फैसला था, लेकिन पेट्रोल की मौजूदा कमी को देखते हुए यह जरूरी था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत दी जाती, तो यह संकट के बीच सरकार की सीमित आवाजाही की अपील के खिलाफ होता।
वेस्ट एशिया युद्ध के अलावा, पाकिस्तान इस साल मार्च से अफगानिस्तान के साथ भी एक अलग संघर्ष में उलझा हुआ है। यह तनाव तब बढ़ा जब काबुल के ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर सीमा पार से हुए हमले के बाद पाकिस्तानी हवाई हमलों और अफगानी सेना के जवाबी हमलों का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों तरफ के अधिकारियों ने इसे सीमा पर "खुला युद्ध" करार दिया है।
'पाकिस्तान शॉर्टेज लीग'
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान सुपर लीग का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। फैंस और क्रिकेट प्रेमी PSL को बुरी तरह ट्रोल कर रहे हैं।
X (पहले ट्विटर) पर फैंस ने PSL को व्यंग्यात्मक रूप से 'पेट्रोल शॉर्टेज लीग' और 'पैसा शॉर्टेज लीग' जैसे नाम दिए हैं। वे मैचों को सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित करने और उन्हें खाली स्टेडियम में कराने के फैसले का मजाक उड़ा रहे हैं। कई लोगों ने इस बात पर हैरानी जताई कि एक क्रिकेट लीग पेट्रोल संकट की वजह से प्रभावित हो गई है। ओपनिंग सेरेमनी रद्द होने और खिलाड़ियों के लीग से हटने या मैचों के वर्चुअली स्ट्रीम होने की बातों पर भी चुटकुलों की बाढ़ आ गई है।
पाकिस्तान सुपर लीग के लिए यह झटका ऐसे समय में आया है जब ब्लेसिंग मुजरबानी, दासुन शनाका, स्पेंसर जॉनसन और गुडाकेश मोती जैसे कई विदेशी खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के साथ PSL कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का विकल्प चुन चुके हैं। PCB ने समझौते का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, IPL पर इस पेट्रोल संकट का कोई खास असर नहीं पड़ा है। यह टूर्नामेंट भारत के कई वेन्यू पर होगा, जहां लॉजिस्टिक्स और फ्यूल सप्लाई काफी हद तक स्थिर है। इससे टीमों और स्टाफ के लिए यात्रा आसान है और स्टेडियम भी दर्शकों से खचाखच भरे रहेंगे।


