T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद क्रिकेटर रिंकू सिंह ने यह जीत अपने दिवंगत पिता को समर्पित की। फाइनल से कुछ दिन पहले ही उनके पिता का निधन हो गया था। रिंकू ने एक भावुक पोस्ट में पिता का सपना पूरा करने और उनकी कमी महसूस होने की बात कही।
अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए पिछला रविवार किसी सपने के सच होने जैसा था। भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर T20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और रिंकू भी वर्ल्ड चैंपियन बन गए। लेकिन इस बड़ी जीत के जश्न के बीच रिंकू का मन भारी है। वो फाइनल से कुछ ही दिन पहले दुनिया छोड़ गए अपने पिता की यादों में खोए हुए हैं।
वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हाथों में उठाते हुए रिंकू बस यही सोच रहे थे कि आज उनके पिता होते तो कितने खुश होते। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में अपने दिल की बात लिखी। रिंकू ने लिखा, ''पापा का सपना पूरा हो गया, लेकिन।।। इतने दिन कभी नहीं हुए कि आपसे बात न हुई हो। आपके बिना आगे की ज़िंदगी कैसे कटेगी, मुझे नहीं पता।।। पर हर कदम पर मुझे आपका साथ चाहिए।।।''
रिंकू ने आगे कहा कि उनके पिता ने ही उन्हें सिखाया था कि फर्ज सबसे ऊपर है, इसलिए उन्होंने मैदान पर अपने पिता का सपना पूरा करने की कोशिश की। ''अब पापा का सपना सच हो गया है।।। पर काश आप मेरे साथ होते। हर छोटी-बड़ी खुशी में आपकी कमी महसूस होगी। आपको बहुत मिस करूंगा पापा।।।'' रिंकू के इन शब्दों में उनका सारा दर्द छिपा है।
रिंकू के पिता लिवर कैंसर के चौथे स्टेज से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। फाइनल से ठीक पहले उनका निधन हो गया। वर्ल्ड कप जीतने की खुशी के बीच, रिंकू सिंह ने यह जीत अपने प्यारे पिता को समर्पित की है।


