Team India T20 Captain: संजय मांजरेकर ने भारतीय T20 टीम की कप्तानी के लिए किन दो खिलाड़ियों का नाम सुझाया है? मांजरेकर के अनुसार सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाए रखने का कोई मतलब क्यों नहीं है? जसप्रीत बुमराह को कप्तानी का मजबूत दावेदार मानने के पीछे मांजरेकर ने क्या तर्क दिया?
मुंबई: टीम इंडिया के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की कुर्सी जानी लगभग तय है। ऐसे में उनकी जगह कौन लेगा, इसे लेकर बहस छिड़ गई है। श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, संजू सैमसन और तिलक वर्मा जैसे कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन सेलेक्टर्स ने अभी तक कोई आखिरी फैसला नहीं लिया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म और फिटनेस की समस्याओं को देखते हुए चयनकर्ता नए कप्तान की तलाश में हैं। इसी बीच, पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने T20 टीम की कप्तानी के लिए दो हैरान करने वाले नाम सुझाए हैं। मांजरेकर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कहा कि श्रेयस अय्यर या ईशान किशन नहीं, बल्कि जसप्रीत बुमराह या शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी के लिए सबसे सही पसंद हैं।

मांजरेकर ने कहा, "अगला T20 वर्ल्ड कप अभी काफी दूर है। इसलिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाए रखने का कोई मतलब नहीं बनता। कप्तानी के लिए मेरी पहली पसंद जसप्रीत बुमराह हैं। हमें उनकी चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह T20 फॉर्मेट है। बुमराह यहां चीजों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं। मुझे लगता है कि बुमराह को कप्तानी करने में खुशी होगी। साथ ही, मुंबई इंडियंस भी उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर देख रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "अगला T20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होना है। आने वाले ज्यादातर मैच भारत के बाहर ही खेले जाने हैं। ऐसी विदेशी पिचों पर शुभमन गिल जैसे मजबूत बैटिंग बेस वाले खिलाड़ी बहुत अहम हो जाते हैं। इस IPL में उन्होंने जिस तरह रन बनाए और कप्तानी की, उससे वो बाकियों से एक कदम आगे निकल गए हैं।"
बता दें कि जसप्रीत बुमराह 2023 में आयरलैंड दौरे पर भारतीय T20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं। हाल ही में जब हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव नहीं खेल रहे थे, तब बुमराह ने पहली बार मुंबई इंडियंस की कमान भी संभाली थी। वहीं, शुभमन गिल को एशिया कप से पहले भारत का उप-कप्तान बनाया गया था, लेकिन उन्हें T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, IPL में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए गिल ने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाकर अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया।
T20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद भारत का अगला मुकाबला आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में है। जून-जुलाई में होने वाले इन विदेशी दौरों के लिए अजित अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी कल टीम का ऐलान कर सकती है।
