Sri Lanka cricket Coach Death: श्रीलंका के कोलंबो में 62 वर्षीय क्रिकेट कोच सुमित फर्नांडो की खिलाड़ियों के साथ विवाद के बाद मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
sumith Fernando Death: श्रीलंका क्रिकेट से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। कोलंबो में एक क्रिकेट क्लब के 62 वर्षीय कोच सुमित फर्नांडो की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों के साथ विवाद के बाद उनके साथ मारपीट हुई थी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें कि इसी समय भारतीय टीम भी श्रीलंका के दौरे पर है, जहां उसे 15 अगस्त से 2 मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 8 अगस्त को कोलंबो के ब्लूमफील्ड क्रिकेट एंड एथलेटिक क्लब में हुई। पुलिस के मुताबिक, क्लब में ट्रेनिंग कर रहे कुछ खिलाड़ी पानी पीने के लिए गए थे, लेकिन वहां नल में पानी नहीं आ रहा था। इसी बात को लेकर खिलाड़ियों और कोच सुमित फर्नांडो के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान फर्नांडो ने कथित तौर पर एक खिलाड़ी पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद 17 वर्षीय खिलाड़ी ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद फर्नांडो की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
17 साल के खिलाड़ी को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में 17 वर्षीय क्रिकेटर को गिरफ्तार किया है। उसे 11 अगस्त को कोलंबो मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे 17 अगस्त तक बाल देखभाल सेवा विभाग की निगरानी में रखने का आदेश दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिकॉर्ड में सामने आया है कि सुमित फर्नांडो को पहले से दिल की बीमारी थी। उनके शव की जांच भी कराई गई है और रिपोर्ट का इंतजार है। ऐसे में उनकी मौत की सही वजह जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
श्रीलंका दौरे पर है भारतीय टीम
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के दौरे पर है। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल में टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है। ऐसे में क्रिकेट से जुड़े एक कोच की मौत की खबर श्रीलंका के क्रिकेट जगत के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक है।
कोच की मौत पर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. सुमित फर्नांडो कौन थे?
सुमित फर्नांडो 62 वर्षीय क्रिकेट कोच थे, जो कोलंबो के एक क्रिकेट क्लब में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देते थे।
2. कोच की मौत कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, पानी को लेकर विवाद के बाद झड़प हुई थी। इसके बाद फर्नांडो को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
3. क्या इस मामले में किसी को गिरफ्तार किया गया है?
हां, पुलिस ने मामले में 17 वर्षीय क्रिकेटर को गिरफ्तार किया है।
