SRH और RR के बीच आज का मुकाबला पावरप्ले बैटिंग और मिडिल ऑर्डर की परीक्षा होगा। हेड-अभिषेक की जोड़ी शानदार फॉर्म में है, जबकि RR की युवा ओपनिंग जोड़ी भी धमाल मचा रही है। हैदराबाद की पिच पर हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। जानते हैं मैच से पहले पिच और मौसम का हाल। 

SRH vs RR Match Preview: आईपीएल 2026 के 21वें मैच में आज सोमवार 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। हैदराबाद में जहां ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की खतरनाक ओपनिंग जोड़ी मौजूद है, तो वहीं राजस्थान में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी का तूफान है। ऐसे में हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाला यह मैच बेहद रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

SRH vs RR: हेड-अभिषेक vs जायसवाल-सूर्यवंशी

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे हेागा। वहीं, मैच की शुरुआत साढ़े 7 बजे से होगी। राजस्थान की तरफ से 24 साल के यशस्वी जायसवाल और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में हैं और बड़ा प्रभाव डाल रहे हैं। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद का टॉप ऑर्डर अभी भी खतरनाक है। हाल ही में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में ‘हेड-अभिषेक’ की जोड़ी ने पावरप्ले में तीसरी बार 100+ रन बनाए। लेकिन इसके बाद टीम का मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा गया। धीमी पिच पर बड़े शॉट खेलने में बल्लेबाजों को परेशानी हुई। पहले 8 ओवर में 120/2 का स्कोर बनाने के बाद, टीम ने अगले 12 ओवरों में सिर्फ 99 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए।

RR की गेंदबाजी: आर्चर की रफ्तार और बिश्नोई की स्पिन

अब SRH के बल्लेबाजों को RR के मजबूत बॉलिंग अटैक का सामना करना होगा। जोफ्रा आर्चर अपनी तेज रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। रवि बिश्नोई इस सीजन के पर्पल कैप होल्डर हैं और उनकी स्पिन घातक साबित हो सकती है। SRH की गेंदबाजी भी दबाव में है। इस सीजन में उन्हें 200+ स्कोर डिफेंड करने के तीन मौके मिले, लेकिन वे सिर्फ एक बार सफल हो पाए हैं।

टीम कॉम्बिनेशन और प्लेइंग XI पर नजर

SRH की टीम में एक दिलचस्प बदलाव देखने को मिला। ईशान किशन ने पहले ही तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे के डेब्यू की घोषणा कर दी थी, लेकिन बाद में पिच देखकर उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। अब हैदराबाद की तेज पिच पर हिंगे को मौका मिल सकता है। इसके अलावा लिविंगस्टन को शामिल कर मिडिल ऑर्डर मजबूत किया जा सकता है। वहीं, RR की टीम संतुलित नजर आ रही है। बृजेश शर्मा ने पिछले मैच में 37 रन देकर 2 विकेट लेकर प्रभावित किया था और उनके प्लेइंग XI में बने रहने की संभावना है।

SRH vs RR: पिच रिपोर्ट और मौसम अपडेट

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यह मैच पिच नंबर 3 पर खेला जाएगा, जो सपाट और मिश्रित मिट्टी वाली है। हैदराबाद में शाम को तापमान करीब 30°C के आसपास रहेगा, लेकिन नमी के कारण गर्मी ज्यादा महसूस होगी।

RR vs SRH: हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 21 IPL मुकाबले हुए हैं, जिनमें 12 हैदराबाद और 9 राजस्थान ने जीते हैं। वहीं, हैदराबाद में दोनों टीमों के बीच कुल 6 मैच खेले गए। इनमें 5 हैदराबाद और 1 राजस्थान ने जीता है। राजस्थान को हैदराबाद के खिलाफ आखिरी जीत 2023 सीजन में मिली थी। इसके बाद 4 मैच खेले गए और सभी हैदराबाद ने जीते हैं।

पॉइंट्स टेबल में RR आगे, SRH पीछे

RR इस समय पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है, जबकि SRH छठे स्थान पर है। इसका बड़ा कारण दोनों टीमों के मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन है। SRH को उम्मीद होगी कि घरेलू परिस्थितियां उनके खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेंगी।

सनराइजर्स हैदराबाद (संभावित प्लेइंग XI)

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा/लियाम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, प्रफुल हिंगे। 

राजस्थान रॉयल्स (संभावित XI)

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा।