West Indies World Cup 2027: वेस्टइंडीज को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए बड़ा झटका लगा है। टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई है और अब मेन टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर खेलना होगा। जानिए क्यों टीम को यह मुश्किल झेलनी पड़ रही है और क्वालीफायर में क्या होगा।
West Indies World Cup Qualifier: वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और टूर्नामेंट में सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों की तस्वीर भी लगभग साफ हो गई है। लेकिन इस बीच वर्ल्ड कप की पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है। टीम 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई है। वेस्टइंडीज के लिए यह लगातार दूसरा मौका है, जब उसे वनडे वर्ल्ड कप में सीधे जगह नहीं मिली है। दो बार वनडे वर्ल्ड कप, दो बार टी20 वर्ल्ड कप और एक बार चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी यह टीम अब 2027 वर्ल्ड कप में पहुंचने के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट का रास्ता अपनाएगी।
इन 10 टीमों ने किया सीधे क्वालीफाई
2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने सीधे क्वालीफाई कर लिया है। बता दें कि साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण टूर्नामेंट में जगह मिली है, जबकि बाकी टीमों ने वनडे रैंकिंग के आधार पर सीधा टिकट हासिल किया है।
क्यों बाहर हुई वेस्टइंडीज?
वेस्टइंडीज इस समय आईसीसी वनडे रैंकिंग में 10वें नंबर पर है। इसी वजह से वह सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों में जगह नहीं बना सकी। हालांकि, कटऑफ से पहले वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ दो वनडे मैच खेलने हैं। अगर टीम दोनों मुकाबले जीत भी जाती है, तब भी उसके लिए टॉप-8 में पहुंचना मुश्किल होगा। ऐसे में वेस्टइंडीज को 2027 वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट खेलना होगा। यह क्वालीफायर फरवरी 2027 में आयोजित होने की उम्मीद है। इसमें अच्छा प्रदर्शन करके वेस्टइंडीज मेन टूर्नामेंट का टिकट हासिल कर सकती है।
और पढे़ं- 14 टीम-57 मैच और 12 स्टेडियम...ICC World Cup 2027 का पूरा प्लान आया सामने
वेस्टइंडीज को 2023 में भी नहीं मिली थी सीधी एंट्री
वेस्टइंडीज के लिए यह परेशानी नई नहीं है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई थी और उसे क्वालीफायर मुकाबले खेलने पड़े थे। हालांकि, उस टूर्नामेंट में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और पहली बार वनडे वर्ल्ड कप के मेन टूर्नामेंट से बाहर रह गई। इसका असर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी पर भी पड़ा और वेस्टइंडीज उसमें जगह नहीं बना सकी। अब 2027 वर्ल्ड कप के लिए भी टीम के सामने मुश्किल चुनौती है। क्वालीफायर टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में वेस्टइंडीज को हर हाल में शानदार प्रदर्शन करना होगा, तभी वह एक बार फिर वनडे वर्ल्ड कप में वापसी कर पाएगी।
WC 2026 को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल
1. क्या वेस्टइंडीज 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी है?
नहीं, उसे सीधे एंट्री नहीं मिली है और अब क्वालीफायर खेलना होगा।
2. वेस्टइंडीज को सीधे क्वालीफाई क्यों नहीं मिला?
वनडे रैंकिंग में टीम टॉप-8 में नहीं है, इसलिए उसे सीधा टिकट नहीं मिल सका।
3. वेस्टइंडीज 2027 वर्ल्ड कप में कैसे पहुंच सकती है?
टीम को क्वालीफायर टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके वर्ल्ड कप में जगह बनानी होगी।
