टीम इंडिया में बड़े बदलाव के तहत फील्डिंग कोच टी. दिलीप की छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच बनाया गया है। घोष श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से अपना पद संभालेंगे।

नई दिल्ली: आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज में मिली हार के बाद टीम इंडिया में बड़े बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब सच साबित हो रही हैं। कुछ दिन पहले ही सहायक कोच रयान टेन डोएस्काटे ने इस्तीफा दिया था। अब टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप की भी छुट्टी कर दी गई है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए शुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच बनाया गया है।

टी. दिलीप को 2025 के इंग्लैंड दौरे से पहले एक साल के दूसरे कार्यकाल के लिए भारत का फील्डिंग कोच बनाया गया था। अब उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद BCCI ने इसे आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। टी. दिलीप पहली बार 2021 में टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। उन्होंने 2021 से लेकर 2024-25 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी तक टीम के फील्डिंग कोच की भूमिका निभाई थी, जिसके बाद उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिला था।

Scroll to load tweet…

कौन हैं भारत के नए फील्डिंग कोच शुभदीप घोष?

57 साल के शुभदीप घोष के पास कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच रह चुके हैं। उन्होंने 2022 महिला वनडे वर्ल्ड कप से लेकर 2023 टी20 वर्ल्ड कप तक यह जिम्मेदारी संभाली थी। शुभदीप घोष भारत 'ए' टीम के सहायक कोच के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा, वह असम की सीनियर क्रिकेट टीम के हेड कोच भी रहे हैं। कोचिंग करियर शुरू करने से पहले, घोष घरेलू क्रिकेट में दाएं हाथ के बल्लेबाज के तौर पर खेलते थे। उन्होंने असम और रेलवे के लिए 17 फर्स्ट-क्लास और 17 लिस्ट 'ए' मैच खेले हैं।

भारत-श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होगी। वहां टीम 7 अगस्त से कोलंबो में तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेलेगी। इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगा। सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। शुभदीप घोष इसी सीरीज से भारतीय टीम के फील्डिंग कोच का पद संभालेंगे।