Yashasvi Jaiswal Duck: न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए। रेड बॉल क्रिकेट की पिछली चार पारियों में वह सिर्फ 21 रन बना पाए हैं। लगातार खराब फॉर्म के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपनी ओपनिंग जोड़ी बदलेगी?

IND A vs NZ A 2nd Test: न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का बल्ला नहीं चला। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। लगातार खराब प्रदर्शन अब टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव कर सकती है?

पहले ओवर में ही आउट हुए जायसवाल

भारत और न्यूजीलैंड ए के बीच दूसरा चार दिवसीय मुकाबला 31 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ए ने टॉस जीतकर भारत ए को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन भारतीय टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लग गया। यशस्वी चार गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें फ्रेजर शीट ने अपना शिकार बनाया। इस तरह न्यूजीलैंड दौरे पर रेड बॉल क्रिकेट में उनकी लगातार तीसरी पारी निराशाजनक रही। इससे पहले न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय टेस्ट की दोनों पारियों में भी यशस्वी का बल्ला खामोश रहा था। उन्होंने पहली पारी में 17 और दूसरी पारी में सिर्फ 5 रन बनाए थे।

पिछली चार पारियों में सिर्फ 21 रन

यशस्वी का खराब प्रदर्शन न्यूजीलैंड दौरे से पहले ही शुरू हो गया था। रणजी ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई की ओर से खेलते हुए वह पहली पारी में शून्य पर आउट हुए थे। इस तरह रेड बॉल क्रिकेट की पिछली चार पारियों में यशस्वी सिर्फ 21 रन बना सके हैं। इनमें दो पारियों में वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए। लगातार नाकामी के कारण उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं।

और पढे़ं- मृणाल ठाकुर से मैडी हैमिल्टन तक, किन-किन के साथ जुड़ी यशस्वी जायसवाल की डेटिंग की अफवाह?

क्या साई सुदर्शन को मिलेगा मौका?

यशस्वी जायसवाल टीम इंडिया के प्रमुख टेस्ट ओपनर हैं। हालांकि, अगर उनका प्रदर्शन आगे भी ऐसा ही रहता है, तो टीम मैनेजमेंट ओपनिंग जोड़ी में बदलाव पर विचार कर सकता है। ऐसी स्थिति में केएल राहुल के साथ साई सुदर्शन को पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। सुदर्शन ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ओपनिंग करते हुए 41 रन बनाए। वहीं, पहले टेस्ट में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 91 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, अभी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। यशस्वी के पास अपनी फॉर्म वापस पाने का मौका है। अब देखना होगा कि वह अगले मुकाबलों में कैसा प्रदर्शन करते हैं और टीम मैनेजमेंट उनकी जगह को लेकर क्या फैसला करता है।