AUS vs OMA T20 World Cup Yesterday Match Result: ऑस्ट्रेलिया बनाम ओमान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में कल का मैच कौन जीता, मैच का पूरा रिजल्ट, अहम लम्हे और हाइलाइट्स यहां जानें।

Aus vs Oma T20 World Cup Match Result: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 9 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार 20 फरवरी को कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

ओमान को 104 रन पर किया ऑलआउट

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम महज 104 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लेग स्पिनर एडम जैम्पा ने शानदार परफॉर्म करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल और जेवियर बर्टलेट ने 2-2 विकेट लिए। ओमान की ओर से वसीम अली ने 32, जतिंदर सिंह 17, हम्माद मिर्जा 16 और करन सोनावले ने 12 रन की पारी खेली। 

मार्श-हेड की 93 रन की साझेदारी

105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मैच एकतरफा बना दिया। कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने 93 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। मार्श ने कप्तानी पारी खेलते हुए फिफ्टी लगाई। वहीं ट्रैविस हेड 32 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 1 विकेट खोकर महज 9.4 ओवर यानी 62 गेंद रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ओमान की ओर से शकील अहमद को 1 विकेट मिला। उन्होंने ओपनर ट्रेविस हेड को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।

ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया का सफर खत्म

इस जीत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो गया। टीम को ग्रुप-बी में श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड और ओमान के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन दो हार की वजह से वह अगले राउंड में जगह नहीं बना सकी।

2009 के बाद पहली बार ग्रुप स्टेज से बाहर

ऑस्ट्रेलिया की टीम 2009 के बाद पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज को पार नहीं कर सकी। यह टीम और ऑस्ट्रेलियाई फैंस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। सुपर-8 में 21 फरवरी को पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होना है। ग्रुप-2 का ये मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।