IND vs ENG T20 Yesterday Match Result: भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टी-20 में कल का मैच कौन जीता, मैच का रिजल्ट, स्कोरकार्ड, बड़े रिकॉर्ड्स और हाइलाइट्स यहां जानें।

India vs England Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पांचवां और आखिरी टी-20 मुकाबला भारतीय फैंस के लिए काफी निराशाजनक रहा। साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 56 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने 5 मैचों की यह टी-20 सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली है। लगातार मिल रही जीतों के दम पर अब इंग्लैंड की टीम ICC टी-20 रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 टीम भी बन गई है।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों का तूफान, बटलर और ब्रूक की रिकॉर्ड पार्टनरशिप

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही। उन्होंने 20 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 257 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास ली। उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों पर 131 रनों की तूफानी पारी खेली। कप्तान हैरी ब्रूक ने भी बटलर का पूरा साथ दिया और 45 गेंदों पर नाबाद 95 रन ठोक दिए। बटलर और ब्रूक ने दूसरे विकेट के लिए 102 गेंदों पर 233 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की। यह भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। भारत की तरफ से शिवम दुबे सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट चटकाए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट मिला।

भारतीय टीम का जवाब, ईशान और तिलक की फाइट रही अधूरी

258 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने लड़ने का जज्बा जरूर दिखाया, लेकिन पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी। ईशान किशन ने टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की। उन्होंने 35 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा ने भी हार नहीं मानी। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों पर 53 रनों की आतिशी पारी खेली। इनके अलावा संजू सैमसन ने 27 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 रन बनाए, लेकिन वे अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। शिवम दुबे 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आखिरी ओवर में आदिल रशीद ने अक्षर पटेल को पवेलियन भेजा। इंग्लैंड के लिए सैम करन सबसे घातक साबित हुए, जिन्होंने 3 विकेट लिए। वहीं स्पिनर आदिल रशीद के खाते में 2 विकेट गए।

Scroll to load tweet…

प्लेइंग-11 से बाहर रहे वैभव सूर्यवंशी

इस मैच में भारतीय टीम के कॉम्बिनेशन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। खराब फॉर्म से जूझ रहे 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले की प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। उनकी जगह अनुभवी संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया था। वैभव ने इस सीरीज के पिछले तीन मैचों में सिर्फ 42 रन (14, 13 और 15 रन) ही बनाए थे।

भारत vs इंग्लैंड मैच में बने 3 बड़े रिकॉर्ड्स

  1. 257/3 का स्कोर टी-20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ इंग्लैंड का अब तक का सबसे बड़ा और बेस्ट स्कोर बन गया है।
  2. रनों के मामले में यह भारतीय टी-20 इतिहास की चौथी सबसे बड़ी हार है।
  3. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम की यह लगातार सातवीं टी-20 हार है।