वर्ल्ड कप जीत के बाद, क्रिकेटर शिवम दुबे फ्लाइट टिकट न मिलने के कारण ट्रेन से मुंबई लौटे। उन्होंने 3rd AC में सफर किया और फैंस से बचने के लिए पहचान छिपाई। TTE भी उन्हें पहचान नहीं पाए।

मुंबई: वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के सितारे आमतौर पर चार्टर्ड प्लेन या बिजनेस क्लास में सफर करते हैं। लेकिन ऑलराउंडर शिवम दुबे ने एक बिल्कुल अलग रास्ता चुना। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद, दुबे को मुंबई अपने घर लौटना था। लेकिन फ्लाइट की टिकटें नहीं मिलीं। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ थर्ड एसी ट्रेन कोच में सफर करने का फैसला किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दुबे ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया कि अहमदाबाद से मुंबई के लिए किसी भी फ्लाइट में टिकट नहीं मिल रहा था। सड़क से जाने में ज्यादा वक्त लगता, इसलिए उन्होंने ट्रेन से जाना बेहतर समझा। इस सफर में उनके साथ उनकी पत्नी अंजुम और एक दोस्त भी थे।

ट्रेन में कोई उन्हें पहचान न ले, इसके लिए दुबे ने पूरी तैयारी की थी। उन्होंने फैंस की नजरों से बचने के लिए मास्क, टोपी और फुल-स्लीव वाली टी-शर्ट पहनी थी। उन्होंने भीड़ से बचने के लिए सुबह 5:10 बजे की ट्रेन चुनी। दुबे ने अपनी पत्नी से कहा था कि वे ट्रेन आने तक बाहर कार में ही इंतजार करेंगे। ट्रेन चलने से सिर्फ 5 मिनट पहले वे कार से उतरे और प्लेटफॉर्म की तरफ दौड़ लगा दी। पहचान छिपाने के लिए वह अपर बर्थ पर सोए।

सफर के दौरान एक मजेदार वाकया भी हुआ। जब टिकट चेकर (TTE) आए, तो उन्होंने चार्ट पर नाम देखकर पूछा, "शिवम दुबे? क्या ये वही क्रिकेटर हैं?" इस पर दुबे की पत्नी अंजुम ने तुरंत जवाब दिया, "अरे नहीं, वो यहां क्यों आने लगे?" TTE थोड़ा शक करते हुए अगले यात्री के पास चले गए।

दुबे ने बताया कि रात में जब वह वॉशरूम जाने के लिए नीचे उतरे, तब भी उन्हें किसी ने नहीं पहचाना। उन्हें डर था कि दिन के उजाले में बोरीवली स्टेशन पर उतरते वक्त फैंस की भीड़ जमा हो सकती है। हालांकि, उनकी सुरक्षा के लिए एक पुलिस अधिकारी साथ था, इसलिए बिना किसी परेशानी के वह घर पहुंच गए।