T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के एक हनुमान मंदिर पहुंची थी. इस पर पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने सवाल उठाए, जिसके बाद अब कोच गौतम गंभीर ने उन्हें करारा जवाब दिया है.

नई दिल्ली: T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में दर्शन करने जाना एक नया विवाद बन गया है। पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने इस पर सवाल उठाए तो अब टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। गंभीर ने साफ कहा कि कीर्ति आजाद को अपनी ही टीम और खिलाड़ियों को नीचा दिखाने वाले बयानों से बचना चाहिए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दरअसल, न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और ICC चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के एक हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे। इसी को लेकर 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य और तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने पूछा कि ट्रॉफी को सिर्फ मंदिर ही क्यों ले जाया गया, दूसरे धर्मस्थलों पर क्यों नहीं? उन्होंने इसे भेदभाव भरा बताया, जिसके बाद इस पर बहस छिड़ गई।

अब गौतम गंभीर ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गंभीर ने कहा कि ऐसे सवालों का तो जवाब देना भी बेकार है। उन्होंने कहा, "यह पूरे देश के लिए जश्न का पल है। इस तरह की बयानबाजी सिर्फ 15 खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और उनकी उपलब्धि को कम करने के लिए की जा रही है। ये लड़के साउथ अफ्रीका से हारने के बाद पड़े दबाव से उबरकर जीते हैं। आज आप ऐसे बयान देकर अपनी ही टीम और अपने ही खिलाड़ियों को नीचा दिखा रहे हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए।"

Scroll to load tweet…

गंभीर ने साफ किया कि खिलाड़ियों को यह तय करने का पूरा हक है कि वे अपनी जीत का जश्न कैसे मनाना चाहते हैं। इसमें किसी को भी राजनीतिक या धार्मिक एंगल नहीं लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत की तीसरी T20 वर्ल्ड कप जीत जैसी बड़ी उपलब्धि पर ध्यान देने के बजाय, जश्न को विवादों में घसीटा जा रहा है।

एशियानेट न्यूज़ लाइव देखने के लिए यहां क्लिक करें