Asian Games 2026 के 11वें दिन भारत को एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग, कुश्ती और रिले में मेडल की उम्मीद है। गुलवीर सिंह मेडल की हैट्रिक के लिए उतरेंगे।

Asian Games 2026 Schedule: एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के 10वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई मेडल अपने नाम किए। अब मंगलवार, 29 सितंबर को एशियन गेम्स के 11वें दिन भी भारत की नजरें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग, कुश्ती और रिले इवेंट्स पर रहेंगी। इन खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से मेडल की उम्मीद है। आइए जानते हैं एशियन गेम्स 2026 के 11वें दिन भारत के खास मुकाबलों और मेडल की उम्मीदों के बारे में।

हैट्रिक पर गुलवीर सिंह की नजर

  • एशियन गेम्स के 11वें दिन सबसे ज्यादा नजरें भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह पर रहेंगी। गुलवीर अब तक प्रतियोगिता में दो मेडल जीत चुके हैं। ऐसे में वह पुरुषों की 5000 मीटर रेस में मेडल जीतकर मेडल की हैट्रिक पूरी करना चाहेंगे। इस इवेंट में गुलवीर सिंह के साथ भारत के अविनाश साबले भी चुनौती पेश करेंगे।
  • एथलेटिक्स में इसके अलावा देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार पुरुषों के पोल वॉल्ट फाइनल में उतरेंगे।
  • वहीं, पूजा और सुप्रिया बसवारजू महिला हाई जंप के फाइनल में हिस्सा लेंगी। पूजा इसके अलावा 800 मीटर फाइनल में भी नजर आएंगी, जबकि मोहम्मद अफसर पुरुषों की 800 मीटर फाइनल रेस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बॉक्सिंग में तीन मेडल की उम्मीद

एशियन गेम्स का 11वां दिन बॉक्सिंग के लिहाज से भी भारत के लिए अहम रहने वाला है। भारत के तीन मुक्केबाज सेमीफाइनल मुकाबलों में उतरेंगे, जिससे कम से कम तीन मेडल की उम्मीद बनी हुई है। 65 किलोग्राम वर्ग में भारत की परवीन का सामना चीन की खिलाड़ी से होगा। वहीं, 80 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में अंकुश पंघाल की भिड़ंत उज्बेकिस्तान के नोबेल से होगी। इसके अलावा 90 किलोग्राम से अधिक वर्ग के सेमीफाइनल में नरेंद्र कजाकिस्तान के खिलाड़ी के खिलाफ रिंग में उतरेंगे। इन तीनों मुकाबलों में भारतीय मुक्केबाजों से मेडल की उम्मीद होगी।

और पढे़ं- 139 रन ठोकने के बाद विराट कोहली ने किया ऐसा काम, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

शूटिंग और कुश्ती में भी नजरें

शूटिंग में भारतीय निशानेबाज ट्रैप इवेंट में चुनौती पेश करेंगे। महिला ट्रैप में नीरू, मनीषा केर और आशिमा अहलावत भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, पुरुषों के ट्रैप इवेंट में शपथ भारद्वाज, आनंद चेनई और अहरार रिजवी भारतीय चुनौती पेश करेंगे। कुश्ती में भी भारत की नजर मेडल पर होगी। विपिन कुमार पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में उतरेंगे। उनके मुकाबले राउंड ऑफ 16 से लेकर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल तक आगे बढ़ सकते हैं।

रिले इवेंट्स में भी मेडल की उम्मीद

एथलेटिक्स के रिले इवेंट्स में भी भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। भारत की मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले टीम, महिला 4x400 मीटर रिले टीम और पुरुष 4x400 मीटर रिले टीम फाइनल में हिस्सा लेंगी। इस तरह एशियन गेम्स 2026 का 11वां दिन भारत के लिए बेहद अहम रहने वाला है। एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग, कुश्ती और रिले इवेंट्स में भारतीय खिलाड़ी मेडल जीतने के लिए मैदान में उतरेंगे।

एशियन गेम्स 2026 को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. एशियन गेम्स 2026 का 11वां दिन कब है?

एशियन गेम्स 2026 का 11वां दिन मंगलवार, 29 सितंबर को है।

2. गुलवीर सिंह किस इवेंट में हिस्सा लेंगे?

गुलवीर सिंह पुरुषों की 5000 मीटर रेस में हिस्सा लेंगे।

3. 11वें दिन भारत को किन खेलों में मेडल की उम्मीद है?

भारत को एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग, कुश्ती और रिले इवेंट्स में मेडल की उम्मीद है।