Asian Games Hockey Final: एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का टिकट कंफर्म हो गया है।

India vs Malaysia Hockey Final: एशियन गेम्स 2026 के आखिरी दिन शनिवार को भारतीय खेल प्रेमियों के लिए जापान के गिफू स्टेडियम से बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया को एकतरफा अंदाज में हराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने सीधे लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 (LA 2028) का टिकट भी पक्का कर लिया है। अब टीम इंडिया को ओलंपिक के लिए किसी क्वॉलिफायर राउंड के झंझट में नहीं पड़ना पड़ेगा। इस बार भारतीय हॉकी के लिए एशियन गेम्स बेहद खास बन गया है। पुरुष टीम के साथ ही महिला टीम ने भी गोल्ड जीता है।

हॉकी फाइनल में मलेशिया को 3-1 से हराया

शनिवार, 3 अक्टूबर को गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में भारत और मलेशिया के बीच गोल्ड मेडल मैच खेला गया। भारतीय टीम ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और आखिर में 3-1 से जीत दर्ज की। टीम की अगुवाई हरमनप्रीत सिंह ने की। इस जीत के साथ भारत ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में जीते गोल्ड को भी डिफेंड कर लिया। यानी भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में हॉकी का गोल्ड अपने नाम किया है।

Scroll to load tweet…

एशियन गेम्स 2026: हॉकी में पहली बार हुआ ऐसा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम की ये उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार भारत ने हॉकी में लगातार दो गोल्ड मेडल जीते हैं। इससे पहले टीम ने 2023 में गोल्ड जीता था और अब 2026 में भी चैंपियन बन गई। इस जीत ने भारत को सीधे 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करा दिया है।

भारतीय हॉकी टीम की नजर अब LA Olympics 2028 पर

एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम को ओलंपिक का डायरेक्ट टिकट मिलता है। भारत ने अब यह जगह हासिल कर ली है। इसका मतलब यह है कि भारतीय टीम को ओलंपिक क्वॉलिफिकेशन के लिए अलग से ग्लोबल क्वालिफायर खेलने की जरूरत नहीं होगी। अब टीम के सामने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक की तैयारी का रास्ता साफ है। भारत हॉकी में 8 बार ओलंपिक गोल्ड जीत चुका है। अब टीम की नजर अगले ओलंपिक में भी पोडियम फिनिश पर होगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी जीता गोल्ड

इस एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी गोल्ड मेडल जीता। शुक्रवार, 2 अक्टूबर को महिला टीम ने फाइनल में चीन को हराकर गोल्ड अपने नाम किया। महिला टीम के लिए यह जीत लंबे इंतजार के बाद आई। भारत ने इससे पहले 1982 में दिल्ली में एशियन गेम्स हॉकी गोल्ड जीता था। यानी महिला टीम को दोबारा गोल्ड जीतने में 44 साल लग गए। सबसे खास बात ये है कि 2026 एशियन गेम्स में पहली बार भारत की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने एक ही संस्करण में गोल्ड मेडल जीता है।

एशियन गेम्स 2026: पूरे टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम का दबदबा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया और एक भी मैच नहीं गंवाया। ग्रुप स्टेज में भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया, श्रीलंका को 16-1 से मात दी, जापान के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की और बांग्लादेश को 10-0 से हराया। सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। भारत एक समय 3-0 से आगे था, लेकिन पाकिस्तान ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। आखिर में अभिषेक के आखिरी समय में किए गए गोल ने भारत को 4-3 से जीत दिलाई और फाइनल का टिकट पक्का किया। ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

एशियन गेम्स में भारत का 5वां हॉकी गोल्ड

मलेशिया को हराने के बाद भारत ने एशियन गेम्स हॉकी में अपना 5वां गोल्ड मेडल जीत लिया है। इस मामले में पाकिस्तान 8 गोल्ड के साथ सबसे आगे है। भारत अब 5 गोल्ड के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि दक्षिण कोरिया के नाम 4 गोल्ड हैं।

Asian Games 2026 में भारत का सफर खत्म

हॉकी फाइनल के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान भी खत्म हो गया। भारत ने इस सीजन कुल 85 मेडल जीते। इनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। 21 गोल्ड के साथ भारत उज्बेकिस्तान के बराबर पहुंचा, लेकिन ज्यादा सिल्वर मेडल होने के कारण भारत मेडल टैली में उससे ऊपर रहा। भारत ने एशियन गेम्स 2026 में चौथा स्थान बरकरार रखा। 2023 में भी भारतीय दल चौथे स्थान पर रहा था।