मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 6 विकेट से हराया। आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के मारकर टिम डेविड ने अपने कैप्टन रोहित शर्मा को जन्मदिन का तोहफा दिया।

मुंबई। आईपीएल के 1000वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 6 विकेट से हरा दिया है। टिम डेविड ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। अंतिम ओवर में 17 रनों की जरूरत थी। गेंद RR के जेसन होल्डर के हाथ में थी। डेविड ने पहली तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाए और कप्तान रोहित शर्मा को जन्मदिन का तोहफा दिया। रविवार को रोहित शर्मा का 36वां जन्मदिन था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

टिम डेविड ने 14 बॉल पर बनाए 45 रन
मुंबई की ओर से टीम डेविड ने 14 बॉल खेलकर 45 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 29 गेंद खेलकर 55 रन बनाए। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी। सलामी बल्लेबाज और कैप्टन रोहित शर्मा सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन 23 बॉल में 28 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन और सूर्यकुमार यादव के बीच अच्छी साझेदारी हुई। ग्रीन ने 26 बॉल खेलकर 44 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 29 रनों की पारी खेली।

यशस्वी जायसवाल ने लगाया शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 212 रन बनाए थे। इसमें से आधे से अधिक रन 21 साल के यशस्वी जायसवाल ने बनाए। यशस्वी ने 62 गेंदों में 124 रनों की पारी खेली। इसमें 16 चौके और आठ छक्के शामिल थे। उन्होंने 200 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। जॉस बटलर ने 18, संजू सैमसन ने 14, देवदत्त पडिक्कल ने 2, जेसन होल्डर ने 11, शिमरोन हेटमायर ने 8, ध्रुव जुरेल ने 2 और रविचंद्रन अश्विन ने 8 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- IPL 2023: पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को चार विकेट से हराया, अंतिम गेंद तक चला रोमांचक मैच

प्वाइंट टेबल में 7वें स्थान पर पहुंची MI
राजस्थान रॉयल्स को हराने के साथ ही मुंबई इंडियंस प्वाइंट टेबल में 7वें स्थान पर पहुंच गई है। मुंबई इंडियंस ने 8 मैच खेले हैं। इनमें से चार में हार और चार में जीत मिली है। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स प्वाइंट टेबल में तीसरे स्थान पर है। RR ने 9 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत और 4 में हार मिली है।