Mirabai Chanu: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में 190 किग्रा वजन उठाकर भारत का पहला गोल्ड जीता और लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ चैंपियन बनीं।

Mirabai Chanu Wins Indias First Gold: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का स्वर्णिम आगाज हो गया है। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीत लिया। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पूरे 22 किलोग्राम के बड़े अंतर से पीछे छोड़ते हुए लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

190 किलोग्राम वजन उठाकर तोड़ा रिकॉर्ड

मीराबाई चानू ने कुल 190 किलोग्राम (85 किग्रा स्नैच + 105 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाया। स्नैच राउंड में उन्होंने 82 किलोग्राम और फिर 85 किलोग्राम वजन उठाकर लगातार दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड तोड़ दिया। क्लीन एंड जर्क में पहला प्रयास असफल रहने के बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 105 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाकर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने फिर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 16 की उम्र से पहले 2 इंटरनेशनल फिफ्टी लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज

भारत का तीसरा पदक, पहला गोल्ड

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा पदक और पहला गोल्ड है। इससे पहले झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में ब्रॉन्ज और ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की 60 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता था। मीराबाई की जीत ने भारत की पदक तालिका को नई मजबूती दी है।

संघर्ष से शिखर तक का सफर

मणिपुर के नोंगपोक काकचिंग में जन्मीं मीराबाई चानू का सफर प्रेरणादायक रहा है। आर्थिक तंगी के बावजूद वह ट्रक ड्राइवरों से लिफ्ट लेकर ट्रेनिंग के लिए इम्फाल पहुंचती थीं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में सिल्वर जीतने वाली पहली भारतीय महिला वेटलिफ्टर बनने के बाद अब उन्होंने लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड के साथ अपना नाम इतिहास में और मजबूत कर लिया है।

यह भी पढ़ें: IND vs ZIM T20: भारत ने जिम्बाब्वे का किया क्लीन स्वीप, 3-0 से जीती सीरीज