PBKS vs LSG मैच में प्रियांश आर्या (93) और कूपर कोनोली (87) की धमाकेदार पारियों से पंजाब ने 254 रन बनाए। मार्करम के एक ओवर में 32 रन बने, जो IPL 2026 का सबसे महंगा ओवर रहा। मैच में कुल 21 छक्के लगे।
PBKS vs LSG Match Most Expensive Over: आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। LSG ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बैटिंग करने उतरी PBKS की शुरुआत खराब रही और उसके ओपनर प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि, प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने जबर्दस्त बैटिंग करते हुए लखनऊ के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। यहां तक कि एडन मारक्रम के 1 ओवर में दोनों ने मिलकर 32 रन ठोंक दिए।
कैसा रहा एडन मारक्रम का 13वां ओवर
लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज एडन मारक्रम ने 13वां ओवर फेंका, जो आईपीएल सीजन 2026 का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।
- मारक्रम की पहली गेंद पर कूपर कोनोली ने छक्का मारा।
- दूसरी गेंद पर भी उन्होंने हवाई फायर करते हुए गेंद को बाउंड्री के पार भेजा।
- तीसरी गेंद पर कोनोली ने एक और छक्का जड़ते हुए मारक्रम की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी।
- चौथी गेंद मारक्रम ने वाइड फेंकी, जिसमें 1 रन मिला।
- दोबारा डाली गेंद में कोनोली ने सिंगल लेकर स्ट्राइक प्रियांश आर्या को दी।
- पांचवी गेंद पर प्रियांश आर्या ने छक्का जड़ दिया।
- छठी गेंद में भी प्रियांश ने बल्ला जोर से घुमाया और गेंद हवा में लहराती हुई बाउंड्री के पार गिरी।
पंजाब ने लखनऊ को दिया 255 रन का लक्ष्य
पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 254 रन बनाते हुए लखनऊ को 255 रन का लक्ष्य दिया। ये पंजाब का दूसरा सबसे बड़ा आईपीएल स्कोर है। इससे पहले उसने KKR के खिलाफ 2024 में 262 रन का हाइएस्ट स्कोर बनाया था। पंजाब की ओर से प्रियांश आर्या ने 251.35 के स्ट्राइक रेट से 37 गेंद में 93 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए। वहीं, कूपर कोनोली ने भी 189.13 के स्ट्राइक रेट से 46 गेंद में 87 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए। हालांकि, दोनों अपना शतक चूक गए।
IPL 2026 के सबसे ज्यादा छक्कों वाली पारी
बाद में स्टॉयनिस ने 16 गेंद में 29 रन की तेज पारी खेली। वहीं, नेहल वढेरा ने 7 गेंद में 13 रन और शशांक सिंह ने 6 गेंद में 17 रन बनाते हुए टीम को 254 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इसके साथ ही आईपीएल 2026 में इस मैच में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगे। पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान कुल 21 छक्के लगाए।


