2026 फीफा और T20 वर्ल्ड कप की इनामी राशि में भारी अंतर है। फुटबॉल विजेता को $50 मिलियन मिलेंगे, जबकि क्रिकेट विजेता को मात्र $2.63 मिलियन। T20 का कुल प्राइज पूल ($11.25M) फीफा की एक शुरुआती दौर की टीम के बराबर है।
लंदन: क्रिकेट और फुटबॉल, दोनों ही दुनिया के सबसे पॉपुलर खेल हैं। लेकिन जब बात वर्ल्ड कप की प्राइज मनी की आती है, तो दोनों में जमीन-आसमान का फर्क है। 2026 के फीफा वर्ल्ड कप और 2026 के ICC T20 वर्ल्ड कप के विजेताओं को मिली इनाम राशि की तुलना करेंगे तो आप हैरान रह जाएंगे।

2026 का फीफा वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ होने वाला है। इसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी, 3 देश मिलकर मेजबानी करेंगे और 16 स्टेडियमों में 39 दिनों तक 104 मैच खेले जाएंगे। 1998 के बाद यह पहली बार है जब वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या बढ़ाई गई है। फीफा ने सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि प्राइज मनी के मामले में भी रिकॉर्ड बना दिया है। इस बार कुल प्राइज मनी पिछले वर्ल्ड कप से 50% बढ़ाकर 655 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 5,469 करोड़ रुपए) कर दी गई है।
फीफा की रिकॉर्डतोड़ रकम
फीफा काउंसिल ने 2026 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली टीमों के लिए कुल 727 मिलियन अमेरिकी डॉलर की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। इसमें से 655 मिलियन डॉलर तो सिर्फ 48 टीमों को इनाम के तौर पर बांटे जाएंगे। इस बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को अकेले 50 मिलियन डॉलर (करीब 417।5 करोड़ रुपए) मिलेंगे। वहीं, दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम को 33 मिलियन डॉलर (करीब 275।5 करोड़ रुपए) दिए जाएंगे। इसके अलावा, क्वालिफाई करने वाली हर टीम को तैयारी के लिए 1।5 मिलियन डॉलर अलग से मिलेंगे। यानी, जो टीमें पहले राउंड में ही बाहर हो जाएंगी (33वें से 48वें स्थान पर), उन्हें भी कम से कम 10।5 मिलियन डॉलर (करीब 87 करोड़ रुपए) मिलना तय है।
क्रिकेट के चैंपियन कितने पीछे
अब बात करते हैं क्रिकेट की। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में से एक, T20 वर्ल्ड कप की प्राइज मनी फीफा वर्ल्ड कप के सामने कहीं नहीं टिकती। 2026 T20 वर्ल्ड कप का कुल प्राइज पूल सिर्फ 11।25 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 94 करोड़ रुपए) था। यह रकम फुटबॉल वर्ल्ड कप में पहले ही राउंड में बाहर होने वाली एक टीम को मिलने वाली राशि (10।5 मिलियन डॉलर) के लगभग बराबर है!
2026 T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को इनाम के तौर पर सिर्फ 2।63 मिलियन डॉलर (करीब 22 करोड़ रुपए) मिले। वहीं, रनर-अप रही न्यूजीलैंड को 1।42 मिलियन डॉलर (करीब 11।8 करोड़ रुपए) दिए गए। फीफा के ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि दुनिया भर में फुटबॉल की पहुंच, उसकी आर्थिक ताकत और लोकप्रियता क्रिकेट से कहीं ज्यादा है।
