फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेज़बान अमेरिका ने पराग्वे को 4-1 से हराया। फोलेरिन बलोगन ने 2 गोल किए। यह टूर्नामेंट का सबसे ज़्यादा गोल वाला मैच था, जिससे अमेरिका को ग्रुप डी में 3 कीमती अंक मिले।
लॉस एंजेलिस: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले में मेज़बान अमेरिका (USA) ने पराग्वे को बुरी तरह हरा दिया है। अमेरिका ने यह मैच 4-1 के बड़े अंतर से जीता। पूरे मैच में अमेरिकी टीम का दबदबा देखने को मिला। टीम के हीरो रहे फोलेरिन बलोगन, जिन्होंने दो गोल किए। खेल खत्म होने से कुछ सेकंड पहले जियोवानी रेना ने चौथा गोल दागकर अमेरिका की जीत पर मुहर लगा दी। यह इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे ज़्यादा गोल वाला मैच भी बन गया।

मैच शुरू होते ही 7वें मिनट में अमेरिका के पुलसिच एक शानदार मूव के साथ पराग्वे के बॉक्स में घुसे। इसी दौरान पराग्वे के डेमियन बोबाडिला से गलती हुई और वह एक सेल्फ गोल कर बैठे। पहले हाफ के खत्म होने तक अमेरिका ने 3-0 की मज़बूत बढ़त बना ली थी। तीन गोल से पिछड़ने के बावजूद दूसरे हाफ में पराग्वे ने कुछ हमले किए। इसका नतीजा उन्हें 73वें मिनट में मिला, जब मॉरीशियो ने टीम के लिए इकलौता गोल किया। यह गोल पराग्वे के गोलकीपर के एक लंबे पास पर हुआ, जिसे मॉरीशियो ने सीधे नेट में डाल दिया।
पराग्वे की टीम इस मैच में बड़े आत्मविश्वास के साथ उतरी थी, क्योंकि उसने वर्ल्ड कप क्वालिफायर में अर्जेंटीना और ब्राज़ील जैसी बड़ी टीमों को हराया था। लेकिन मॉरीशियो पोचेटिनो की कोचिंग में अमेरिकी टीम एक सटीक रणनीति के साथ मैदान पर थी। 7वें मिनट में पहला गोल करने के बाद भी टीम डिफेंसिव नहीं हुई, बल्कि लगातार हमले करती रही। दूसरे हाफ में भी यही आक्रामक खेल जारी रहा, जिसकी वजह से चौथा गोल भी हुआ। विंग्स से हुए इन तेज हमलों ने अमेरिका को ग्रुप डी में तीन कीमती पॉइंट दिलाए हैं। अब अमेरिका का अगला मुकाबला 20 जून को ऑस्ट्रेलिया और 26 जून को तुर्की से होगा।
