भोजपुर जिले में शादी के दौरान नाच को लेकर हुए विवाद में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना कृष्णागढ थाना इलाके के जगतपुर पकड़ी गांव की है। मृतक रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था।

आरा। भोजपुर जिले में शादी के दौरान नाच को लेकर हुए विवाद में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना कृष्णागढ थाना इलाके के जगतपुर पकड़ी गांव की है। मृतक रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। शादी की रात लड़की और लड़के पक्ष के लोगों के बीच नाच को लेकर हुए विवाद में उसको गोली मारी गयी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उसकी सांसें थम गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अजय सिंह के बेटी की थी शादी

मृतक जगतपुर पकड़ी गांव निवासी उमेश कुमार सिंह का बेटा है। 23 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह उर्फ भास्कर रेलवे के मुगलसराय डिविजन के बनारस में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था। गांव में अजय सिंह की पुत्री की शादी थी। बारात नगर थाना क्षेत्र के मझौआ गांव से आयी थी। शादी के दौरान मनोरंजन के लिए डांस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

हर्ष फायरिंग को लेकर शुरु हुआ विवाद

द्वार पूजा की रस्म के बाद लड़का और लड़की पक्ष के लोग डांस का लुफ्त ले रहे थे। तभी हर्ष फायरिंग शुरु हो गयी। इसको लेकर दोनों पक्षों में नोंकझोंक हुई। बताया जा रहा है कि असलहों से लैस बदमाशों ने अभिषेक को पास बुलाया और उसकी आंख की बायीं तरफ गोली मार दी। घटना के बाद दोनों पक्षों के मौजूद लोगों में हड़कम्प मच गया।

तीन महीने बाद होने वाली थी शादी

मृतक अभिषेक सिंह की एक साल पहले नौकरी लगी थी। मई के महीने में उसकी शादी होने वाली थी। अभिषेक की मौत की खबर के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पिता उमेश सिंह बिहार पुलिस में कार्यरत हैं। वह रोहतास जिले के बिक्रमगंज में पुलिस उपाधीक्षक के ड्राइवर हैं और मॉं प्राइमरी स्कूल की अध्यापिका हैं। अभिषेक का एक भाई भी है, जो नौकरी करता है।