मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। उन पर एक वायरल वीडियो के आधार पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। पटना जिला प्रशासन ने कार्रवाई की पुष्टि की और चुनाव आयोग ने भी उन्हें नोटिस भेजा है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है। शाम 5 बजे से पहले चुनाव प्रचार थम जाएगा, लेकिन इससे ठीक पहले मोकामा विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (राजीव रंजन सिंह) के खिलाफ जिला प्रशासन ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पटना डीएम ने ट्वीट कर की पुष्टि

इस बात की पुष्टि खुद पटना के जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने ट्वीट के माध्यम से की है। जिला प्रशासन ने बताया कि वीडियो निगरानी टीम (Video Surveillance Team) के फुटेज की जाँच के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन, पटना द्वारा वीडियो निगरानी टीम के वीडियो फुटेज की जांच की गई। जांचोपरांत इस मामले में श्री ललन सिंह उर्फ श्री राजीव रंजन सिंह के विरूद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Scroll to load tweet…

क्या है पूरा मामला?

सारा विवाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ है। इस कथित वीडियो में ललन सिंह विपक्षी वोटरों को वोट डालने से रोकने की बात कर रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।

चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, 24 घंटे का अल्टीमेटम

वायरल वीडियो और विवादित बयान के आलोक में चुनाव आयोग ने भी त्वरित कार्रवाई की है। बिहार के मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से ललन सिंह को नोटिस भेजा गया है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री के बयान को आचार संहिता का संभावित उल्लंघन माना है।

ललन सिंह को अपनी सफाई पेश करने के लिए केवल 24 घंटे का समय दिया गया है। अब देखना यह होगा कि मतदान से ठीक पहले, ललन सिंह इस मामले में चुनाव आयोग को क्या स्पष्टीकरण देते हैं।

अनंत सिंह की कमान संभालना पड़ा भारी

यह घटना तब हुई है जब मोकामा के बाहुबली नेता और JDU प्रत्याशी अनंत सिंह दुलारचंद मर्डर मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल में हैं। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने खुद इस चुनाव की कमान संभाल ली थी। उन्होंने बीते दिनों कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा था कि अनंत सिंह की गैरमौजूदगी में मोकामा चुनाव की जिम्मेदारी हमने अपने हाथों में ले ली है, और जनता का हर एक व्यक्ति अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े। ललन सिंह लगातार अनंत सिंह के लिए वोट मांग रहे थे, लेकिन अब आचार संहिता उल्लंघन के मामले में FIR दर्ज होने के बाद मोकामा की यह हॉट सीट और भी ज़्यादा विवादों में घिर गई है।