Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग आज हो रही है। इस चरण में 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, तेज प्रताप समेत कई मंत्री अपनी सीट बचाने के लिए मैदान में हैं। 

Bihar Phase 1 Voting: आज 6 नवंबर को बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान होगा। 3.75 करोड़ वोटर्स 1,314 कैंडिडेट्स की किस्मत का फैसला करेंगे। पहले फेज में महागठबंधन के सीएम फेस और RJD नेता तेजस्वी यादव, उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव, सिंगर और एक्टर से नेता बने खेसारी लाल यादव और बीजेपी सम्राट चौधरी जैसे बड़े नाम चुनावी मैदान में हैं। आइए जानते हैं किस सीट पर कैसा मुकाबला है और वोटों का गणित क्या कहता है…

तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव की अग्नि परीक्षा

पहले चरण का सबसे बड़ा मुकाबला इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और भाजपा के सतीश कुमार के बीच है, जिन्होंने 2010 में तेजस्वी की मां राबड़ी देवी को हराया था। तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से लगातार तीसरी जीत दर्ज करने का इरादा लेकर मैदान में हैं। इसके अलावा प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के चंचल सिंह भी इसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, तेज प्रताप यादव की सीट पर बहुकोणीय मुकाबला है। तेज प्रताप ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई है और वे महुआ सीट से मैदान में हैं। उनके सामने मौजूदा आरजेडी विधायक मुकेश रौशन बड़ी चुनौती हैं। इस सीट पर लोजपा (राम विलास) के संजय सिंह और निर्दलीय अशमा परवीन की एंट्री ने मुकाबला जोरदार बना दिया है।

बिहार चुनाव के पहले चरण में कौन से मंत्री मैदान में?

पहले चरण में बिहार सरकार के कई मंत्री और खुद उप-मुख्यमंत्री की सीट पर भी नजर है। उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय, सम्राट चौधरी तारापुर से चुनावी मैदान में हैं। भाजपा के सीनियर नेता मंगल पांडे पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सीवान सीट पर उनका मुकाबला आरजेडी के अवध बिहारी चौधरी से है।

बिहार चुनाव पहले चरण में बहुचर्चित सीटें और उम्मीदवार

रघुनाथपुर: दिवंगत बाहुबली नेता मोहम्मद शाहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शाहाब मैदान में हैं। एनडीए ने इसे जंगलराज की वापसी बताया है।

मोकामा: जेल में बंद जदयू विधायक अनंत सिंह का मुकाबला बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी और आरजेडी की वीणा देवी से है।

छपरा: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव आरजेडी की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं।

करगहर: भोजपुरी गायक रितेश पांडे जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार हैं।

अलीगंज: लोकगायिका मैथिली ठाकुर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

बिहार पहले चरण में कितने वोटर्स?

  • कुल 121 सीटों पर मतदान होगा।
  • सबसे ज्यादा 4.58 लाख वोटर्स पटना की दीघा में हैं।
  • सबसे कम 2.32 लाख मतदाता शेखपुरा के बरबीघा में हैं।
  • कुल 45,341 मतदान केंद्र, 10.72 लाख नए मतदाता हैं।

इसे भी पढ़ें-6 नवंबर को होगा मतदान, Bihar Chunav में किसकी होगी जीत? Rajnath Singh ने दिया चौंकाने वाला बयान!

इसे भी पढ़ें-बिहार चुनाव 2025 का 1st पेजः पटना के नेताओं ने प्रचार में कितना पैसा उड़ाया? टॉप पर RJD प्रत्याशी