बिहार 2025 चुनाव में NDA को बहुमत मिला है। नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार CM पद की शपथ ले सकते हैं। नए मंत्रिमंडल में BJP बड़े फेरबदल कर सकती है और सहयोगियों को भी जगह मिलेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद अब नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जहाँ जीते हुए विधायकों के साथ बैठक की, वहीं जदयू ने भी विधायक दल की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल के नेता चुने जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 20 नवंबर को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। नई सरकार के गठन से पहले मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित चेहरों की पहली लिस्ट सामने आ गई है, जिसमें बीजेपी बड़े बदलाव के मूड में दिख रही है।
कैबिनेट का आकार और दलों का कोटा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार का मंत्रिमंडल 30 या 32 सदस्यीय हो सकता है, जबकि विधानसभा की मौजूदा संख्या के अनुसार अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। नई सरकार में जदयू और भाजपा के लगभग बराबर मंत्री (लगभग 13-14) शामिल हो सकते हैं। चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) के तीन मंत्री, जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी HAM और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM से 1-1 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
BJP में फेरबदल और डिप्टी CM की रेस
भाजपा कोटे में इस बार बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी चल रही है। पार्टी मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह नए चेहरों को बड़ी संख्या में शामिल करने की रणनीति पर विचार कर रही है, जिससे पिछली सरकार के कई पुराने मंत्रियों की जगह नए नेताओं को मौका मिल सकता है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बीजेपी इस बार भी दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर विचार कर रही है। डिप्टी सीएम की रेस में सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय और रामकृपाल यादव का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल है।
संभावित मंत्री (BJP): सम्राट चौधरी, नितिन नवीन, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव और रजनीश कुमार के मंत्री बनने के आसार हैं। पिछली सरकार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को बदला जा सकता है, हालांकि वह स्पीकर पद के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
JDU और सहयोगी दलों के संभावित नाम
जदयू पिछली सरकार के अधिकांश अनुभवी मंत्रियों को बनाए रखने के मूड में है। लगभग 10 मंत्रियों को दोबारा मौका मिल सकता है। JDU के संभावित मंत्री में विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान, मदन सहनी, जयंत राज, महेश्वर हजारी और संतोष निराला के नाम शामिल हैं।
सहयोगी दलों से
- HAM: संतोष मांझी।
- RLM: उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को मंत्री बनाया जा सकता है।
- LJP(R): राजू तिवारी का नाम प्रमुख रूप से चल रहा है, जबकि संजय पासवान का नाम भी सूची में है।
स्पीकर के पद पर सस्पेंस
सूत्रों के अनुसार, भाजपा इस बार विधानसभा स्पीकर का पद अपने पास रख सकती है। पिछली सरकार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम की जगह स्पीकर बनाया जा सकता है। 2020 के बाद से NDA सरकारों में स्पीकर का पद लगातार बीजेपी को ही मिलता आया है।
