Bihar Weather Update: "बिहार में मानसून का असर तेज हो गया है। पटना, पूर्णिया और कटिहार समेत 24 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी हुआ। गंगा और कोसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ा है। जानें बिहार का आज का मौसम अपडेट।

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और आसमान से बरसते बादलों ने राज्य के कई हिस्सों को पानी-पानी कर दिया है। पटना, पूर्णिया और कटिहार समेत 24 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है जबकि गंगा और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी पटना में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 26 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 27 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है।

किन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है?

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और दक्षिण बिहार के 24 जिले बारिश की मार झेल सकते हैं। इन जिलों के नाम हैं: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, पटना, शेखपुरा, बेगूसराय, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार।

यह भी पढ़ें… कौन बनेगा बिहार का सीएम? बहन रोहणी ने तेजस्वी-तेजप्रताप पर तोड़ी चुप्पी, चौंकाने वाला दिया जवाब

किन जिलों में सामान्य रहेगा मौसम?

सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में आज बारिश की संभावना नहीं है। यहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी और धूप खिलने की उम्मीद है।

बारिश से कहां बिगड़े हालात?

पटना में हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। वहीं गंगा और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से फतुहा प्रखंड के 6 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। तटबंध टूटने की भी खबरें सामने आई हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत है।

बंगाल की खाड़ी से क्यों बरस रहे बादल?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी की आपूर्ति और मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण बिहार में यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में हालात सामान्य हो सकते हैं।

मौसम विभाग की सलाह

लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। वज्रपात के समय पेड़ों या खुले मैदानों में न रुकें।

यह भी पढ़ें… Bihar Weather Update: मानसून का नया गेम! 3 डिग्री बढ़ेगा तापमान, जानिए कब थमेगी बारिश?