बिहार के बक्सर ओपन जेल में उस समय हड़कम्प मच गया। जब एक कैदी गायब हो गया। इसका खुलासा कैदियों की गिनती के समय हुआ। कैदी की तलाश की जाने लगी। 24 घंटे बाद तक उसका कुछ पता नहीं चला तो जेल प्रशासन ने नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

बक्सर। बिहार के बक्सर ओपन जेल में उस समय हड़कम्प मच गया। जब एक कैदी गायब हो गया। इसका खुलासा कैदियों की गिनती के समय हुआ। कैदी की तलाश की जाने लगी। 24 घंटे बाद तक उसका कुछ पता नहीं चला तो जेल प्रशासन ने नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। नाटकीय ढंग से उसके कुछ ही देर बाद कैदी का फोन आया। उसने कहा कि कल सुबह लौट आऊंगा। तब जाकर जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अच्छे व्यवहार को देखते हुए भेजा गया ओपन जेल

जेल अधीक्षक राजीव कुमार का कहना है कि कैदी सतीश पांडेय को दो साल पहले अररिया जेल से ओपन जेल भेजा गया था। उनके अच्छे आचरण को देखते हुए यह फैसला लिया गया था। वह सिवान के चकिया गांव के रहने वाले हैं। दो साल से ही सतीश ओपन जेल में ही रह रहा था। बुधवार को वह किसी काम से निकला था। पर वापस नहीं आया।

गिनती के बाद मचा हड़कम्प

जेल में जब बुधवार शाम को ​कैदियों की गिनती हो रही थी, उस समय पता चला कि कैदी सतीश गायब है। उसके बाद जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया। रिश्तेदारों के यहां उसकी खोज होने लगी। अगले दिन यानि गुरुवार को भी उसका पता नहीं चला तो इस सिलसिले में थाने में कैदी के गायब होने का मुकदमा दर्ज कराया गया।

गुरुवार दोपहर आया फोन

जेल अधीक्षक का कहना है कि कैदी के गायब होने के वजहों को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। कैदी का गुरुवार दोपहर फोन आ गया। उसने बताया कि वह किसी दिक्कत में था। शुक्रवार सुबह ओपन जेल पहुंच जाएगा। उसकी कॉल आने के बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। अदालत ने कैदी सतीश को हत्या के केस में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कैदी को 16 मई 2022 को ओपन जेल में ​​शिफ्ट किया गया था।

ओपन जेल में मिलती है ये सुविधा

आपको बता दें कि बक्सर में बिहार की ओपन जेल है। इसमें कैदियों को रहने के लिए फ्लैट मिलता है। कैदी फ्लैट में परिवार के साथ रह सकते हैं। कैदियों को नौकरी या रोजगार करने की छूट भी मिलती है। इसके लिए वह ओपन जेल से बाहर जा सकता है। पर, डेली शाम से पहले जेल ​वापस आना अनिवार्य है। शाम को कैदियों का मिलान किया जाता है। ओपन जेल में सरकारी की तरफ से कैदियों को जरुरी सुविधाएं दी जाती हैं। नौकरी या व्यवसाय करने की छूट भी ​दी जाती है।