बक्सर के बाबा ब्रह्मेश्वर धाम में अचानक भगदड़ मचने से महिला समेत 12 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार की हालत गंभीर बतायी जा रही है। दो घायल महिलाओं के सिर में चोट लगी है।

बक्सर। बक्सर के बाबा ब्रह्मेश्वर धाम में अचानक भगदड़ मचने से महिला समेत 12 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार की हालत गंभीर बतायी जा रही है। दो घायल महिलाओं के सिर में चोट लगी है। आनन फानन में मंदिर प्रशासन की तरफ से स्थानीय स्तर पर तैनात मेडिकल टीम के पास घायलों को पहुंचाया गया। फिर घायलों को रघुनाथपुर स्थित पीएचसी में भर्ती कराया गया। चार लोगों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बिना कतार जल चढाने की होड़ में अफरातफरी

दरअसल, महाशिवरात्रि धूमधाम से मनायी जा रही थी। श्रद्धालुओं का परिसर में तांता लगा था। विश्व प्रसिद्ध बाबा ब्रहमेश्वर धाम मंदिर में रात दो बजे से ही श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लगी हुई थी। दोपहर के समय श्रद्धालु बिना कतार में लगे ही जल चढाने की होड़ में दिखे और गर्भ गृह में घुसने लगे। इस वजह से आसपास अफरातफरी मच गयी। यह देख मंदिर प्रशासन सक्रिय हुआ। भक्तों को गेट पर ही रोका जाने लगा। स्थिति पर नियंत्रण के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। इसी वजह से लोगों में भगदड़ मच गयी।

क्या कहते हैं अधिकारी?

भगदड़ में घायल हुए लोगों का कहना है कि वह जलाभिषेक के लिए गए थे। एकाएक मंदिर के मुख्य गेट के पास भगदड़ मच गयी। मंदिर के प्रबंधन समिति का कहना है कि हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। दोपहर बाद अफरातफरी प्रशासन की सुस्ती से मची। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जलाभिषेक के लिए व्यवस्थाएं की गयी थी। पर मुख्य गेट के पास कुछ अव्यवस्था हो गयी। जख्मी लोगों का इलाज चल रहा है।

ये है मान्यता

आपको बता दें कि ब्रह्मेश्वर नाथ को मनोकामना महादेव भी कहा जाता है। मंदिर में पूरे वर्ष जलाभिषेक का महत्व है। पर महाशिवरात्रि में जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। इसी वजह से महाशिवरात्रि पर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़ते हैं। सावन महीन में भी भारी संख्या में श्रद्धालु महादेव का जलाभिषेक करने जाते हैं।