बेगूसराय के एक दुर्गा पूजा पंडाल में महिषासुर की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को दिखाया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह भारत पर उनकी अत्याचारी आर्थिक नीतियों का प्रतीक है, जिसमें माँ दुर्गा उनका वध कर रही हैं। यह पंडाल चर्चा का विषय बन गया है।

पटनाः दुर्गा पूजा के उत्सव में जहां हर साल पूजा पंडालों में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं सजती हैं, वहीं इस साल बेगूसराय का विष्णुपुर चांदनी चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर का पंडाल चर्चा में आ गया है। इस पंडाल में मां दुर्गा ने अपने भाले से महिषासुर का वध तो किया ही, लेकिन इस बार महिषासुर के रूप में कोई और नहीं बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दर्शाया गया है।

अनोखा थीम बना लोगों का आकर्षण

पंडाल में मां दुर्गा की पारंपरिक प्रतिमा के साथ शेर पर सवार होकर भाले से ट्रंप को वध करते हुए दिखाया गया है। ट्रंप का चेहरा पीड़ा और डर से उभरा हुआ है, और उनके हाथ में विषधर सांप लटका हुआ है। इस अनोखे दृश्य ने वहां आने वाले भक्तों और पर्यटकों का ध्यान खींचा और पंडाल चर्चा का केंद्र बन गया।

सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, विष्णुपुर के अध्यक्ष के अनुसार पृथ्वी पर जब-जब अत्याचार हुआ है, तब-तब मां दुर्गा का अवतार सामने आया। इस बार महिषासुर के स्थान पर हम ट्रंप को अत्याचारी रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। उनका अत्याचार वीजा, टैक्स और जरूरी सामानों पर भारत पर बढ़ाए गए आर्थिक बोझ के कारण प्रतीक रूप में दर्शाया गया है।

क्या बोले ग्रामीण

पंडाल में आए श्रद्धालुओं ने इस अनोखी प्रतिमा को देखकर खुशी और आश्चर्य दोनों व्यक्त किए। कई लोगों का कहना था कि इस तरह की सृजनात्मक प्रतिमा न केवल ध्यान आकर्षित करती है बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का काम भी करती है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस पंडाल की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं।

समिति के सदस्यों का कहना है कि इस थीम का उद्देश्य केवल राजनीतिक आलोचना नहीं है, बल्कि अत्याचार और अन्याय के खिलाफ प्रतीकात्मक संदेश देना है। जैसे हर वर्ष दुर्गा पूजा में महिषासुर का वध करके बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाता है, उसी तरह इस साल अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप को अत्याचारी के रूप में प्रस्तुत किया गया।